NGV PRAKASH NEWS

“सॉरी पापा… मैं जा रही हूं”: बीपीएससी शिक्षिका का फंदे से लटका मिला शव, कमरे से सुसाइड नोट बरामद
वैशाली, 26 जनवरी 2026.
बिहार के वैशाली जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां बीपीएससी से चयनित एक शिक्षिका का शव उसके किराए के मकान में फंदे से लटका मिला। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उसने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए स्वेच्छा से दुनिया छोड़ने की बात लिखी है। घटना से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान प्रिया भारती के रूप में हुई है, जो वैशाली जिले के खाजेचांद छपरा मध्य विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थी। प्रिया सेहान गांव में किराए का कमरा लेकर रहती थी और रोज ऑटो के जरिए स्कूल आती-जाती थी। सोमवार की सुबह रोज की तरह ऑटो चालक उसे स्कूल ले जाने पहुंचा, लेकिन काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब दरवाजा नहीं खुला तो उसने आसपास के लोगों को बुलाया। ग्रामीणों ने खिड़की से झांककर देखा तो प्रिया का शव फंदे से लटका मिला।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का मुआयना किया। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है, जिसमें लिखा है— “मम्मी-पापा सॉरी, मेरा किसी से भी कोई विवाद नहीं है। मैं स्वेच्छा से इस दुनिया से जा रही हूं।” सुसाइड नोट और बेटी की हालत देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार कि प्रिया भारती की शादी करीब दो वर्ष पहले जनदाहा थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी दीपक राज से हुई थी। दंपति की तीन महीने की एक बेटी भी है। स्थानीय लोगों के अनुसार पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद की चर्चा सामने आ रही है, हालांकि आत्महत्या के पीछे की ठोस वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस ने पति से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है। मृतका के माता-पिता को भी सूचना देकर बुलाया गया है। 26 जनवरी के दिन जब स्कूल में शिक्षिका का इंतजार किया जा रहा था, उसी दिन यह दुखद खबर सामने आने से शिक्षा विभाग और गांव दोनों में गहरा शोक व्याप्त है।
NGV PRAKASH NEWS
