Gyan Prakash Dubey

NGV PRAKASH NEWS
बस्ती में अधिवक्ता नीरज वर्मा पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर; लोहे की रॉड और पाइप से पीटा
बस्ती, 18 अक्टूबर 2026.
कलवारी थाना क्षेत्र में कचहरी से घर लौट रहे अधिवक्ता नीरज वर्मा पर अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। लुम्बिनी-दुद्धी मार्ग पर बेइली मैरेज हॉल के पास हुई इस घटना में अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी हालत गंभीर देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
लोहे की रॉड और पाइप से किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलवारी थाना क्षेत्र के बरईजोत गांव निवासी करीब 38 वर्षीय अधिवक्ता नीरज वर्मा शनिवार शाम लगभग सात बजे बस्ती कचहरी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बेइली मैरेज हॉल के पास अज्ञात हमलावरों ने उन्हें घेरकर लोहे की रॉड और पाइप से हमला कर दिया। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के दौरान आसपास के लोगों के जुटने पर हमलावर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने घायल अधिवक्ता को अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अधिवक्ता को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मुकदमा पंजीकृत कर , जांच में जुटी पुलिस

इस संबंध में कलवारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है |
महेश प्राप्त जानकारी के अनुसार मामले में चार लोगों की हिरासत में लिया गया है एवं उनसे पूछताछ की जा रही है |
कचहरी से घर लौट रहे अधिवक्ता पर हुए इस हमले से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। फिलहाल हमले के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और हमलावरों की पहचान के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
####अपडेट न्यूज़ ###
बस्ती में अधिवक्ता पर जानलेवा हमले के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, कलवारी पुलिस की त्वरित कार्रवाई
जनपद बस्ती के थाना कलवारी पुलिस ने अधिवक्ता नीरज चौधरी पर हुए जानलेवा हमले के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय रवाना कर दिया।
पुरानी रंजिश में लोहे की रॉड से हमले का आरोप
पुलिस के अनुसार, अधिवक्ता नीरज चौधरी 17 अक्टूबर 2026 की शाम कचहरी से मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। शाम करीब 6:45 बजे जब वह एकता मैरिज हाल के पास पहुंचे, तभी पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने एकराय होकर उन पर कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
हमले में अधिवक्ता का हेलमेट टूट गया और मारपीट के दौरान वह बेहोश हो गए। उनके हाथ में भी फ्रैक्चर होने की बात तहरीर में बताई गई है। आरोप है कि घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
चार वांछित आरोपी गिरफ्तार
मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कलवारी में मुकदमा अपराध संख्या 252/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक बस्ती के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में प्रभारी निरीक्षक कलवारी संतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में रामशिव पुत्र रामभवन, नंदनी पुत्री शिवपूजन, इंद्रमुखी पत्नी शिवपूजन, निवासी बरईजोत, थाना कलवारी, जनपद बस्ती तथा इंद्रजीत यादव पुत्र रामअचल यादव, निवासी लौवाड़ा, थाना कलवारी, जनपद बस्ती शामिल हैं।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय, हेड कांस्टेबल देश दीपक सिंह, कांस्टेबल देवेंद्र निषाद और महिला कांस्टेबल नीलम यादव शामिल रहे।
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना कर दिया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS