पुलिस अधीक्षक की कड़ी कार्यवाई, मूर्ति विसर्जन के दौरान हुये बवाल के बाद लापरवाही पर दो चौकी प्रभारियों समेत छह पुलिसकर्मी निलंबित

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

मूर्ति विसर्जन के दौरान विवाद के मामले में पुलिस की कार्रवाई, छह संदिग्ध हिरासत में; लापरवाही पर दो चौकी प्रभारियों समेत छह पुलिसकर्मी निलंबित

बस्ती 28 अक्टूबर 2026.

बस्ती। थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र में 26 अक्टूबर की रात मूर्ति विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच हुए विवाद के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक बस्ती ओमवीर सिंह ने मामले में की जा रही कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि घटना के संबंध में सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों के इलेक्ट्रॉनिक विवरण खंगाले जा रहे हैं। इस मामले में छह संदिग्धों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जिनसे महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं।

मूर्ति खंडित करने और ईंट-पत्थर चलाने का आरोप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर को मूर्ति विसर्जन के दौरान रात करीब 11 बजे कुछ अराजक तत्वों द्वारा भगवान गणेश की बताई जा रही एक मूर्ति को खंडित कर दिया गया। इस दौरान ईंट-पत्थर चलाए जाने की भी बात सामने आई, जिसके बाद क्षेत्र में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

थाना पुरानी बस्ती में इस मामले में मु0अ0सं0 220/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 191(3), 115(2), 74, 309(6), 298 और 126(2) में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के साथ संबंधित आरोपियों के इलेक्ट्रॉनिक विवरण की भी जांच कर रही है। छह संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।

लापरवाही पर दो चौकी प्रभारियों समेत छह पुलिसकर्मी निलंबित

घटना के दौरान ड्यूटी में लापरवाही बरतने के मामले में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो चौकी प्रभारियों समेत छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय जांच भी शुरू की गई है।

निलंबित पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक सुधीर कुमार त्रिपाठी, चौकी प्रभारी प्लास्टिक कॉम्प्लेक्स; उपनिरीक्षक अमित कुमार, चौकी प्रभारी दक्षिण दरवाजा; मुख्य आरक्षी संजय कुमार यादव, मुख्य आरक्षी संतोष कुमार गुप्ता, आरक्षी कमलेश कुमार गौंड और आरक्षी धर्मेन्द्र यादव शामिल हैं। इनमें से चार पुलिसकर्मी चौकी दक्षिण दरवाजा और थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र में तैनात थे।

पुलिस ने शांति व्यवस्था कायम रहने की दी जानकारी

पुलिस अधीक्षक बस्ती ओमवीर सिंह के अनुसार, मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम है। घटना की जांच जारी है और संबंधित तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *