Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

कप्तानगंज में सड़कों की बदहाली दूर कराने की पहल, विधायक कविंद्र चौधरी ने उठाई 15 मार्गों के निर्माण की मांग
बस्ती 29 अक्टूबर 2026.
बस्ती जिले के कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विधायक कविंद्र चौधरी उर्फ अतुल ने लोक निर्माण विभाग के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न सड़क परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की मांग उठाई है। विधायक की ओर से लिखे गए दो पत्रों में ग्रामीण मार्गों के निर्माण, जर्जर सड़कों के सुधार तथा महत्वपूर्ण मार्ग के चौड़ीकरण और उच्चीकरण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया है। इन मांगों के पूरा होने से क्षेत्र के ग्रामीणों, स्थानीय निवासियों और प्रतिदिन आवागमन करने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
📍15 ग्रामीण मार्गों को प्राथमिकता से बनवाने की मांग
विधायक कविंद्र चौधरी ने लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को लिखे पत्र में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र की 15 सड़क परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर कराने का अनुरोध किया है। पत्र में कहा गया है कि इन मार्गों का निर्माण जनहित में अत्यंत आवश्यक है। संबंधित सड़कों के निर्माण से गांवों और बस्तियों के बीच आवागमन सुगम होने के साथ ही स्थानीय लोगों को आने-जाने में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सकती है।
💥प्रस्तावित मार्गों में प्रतापपुर से सिकटा मार्ग, पोतनहरी संपर्क मार्ग से पोखरिया होते हुए ऐनपुर तक का मार्ग, सिकटा मार्ग से डमरूआ की ओर जाने वाला मार्ग, जीतीपुर-बेलभरिया मार्ग से चंद्रमान के स्कूल होते हुए नहर पुरवा तक का मार्ग तथा कवलसिया-जू. हा. स्कूल से दुलहिन बगिया होते हुए पड़री दलित बस्ती तक का संपर्क मार्ग शामिल हैं।
इसके अलावा एनएच-28 से मां दुर्गा अभिलाषा इंटर कॉलेज से गौर होते हुए गोरा रतास मार्ग तक, मसही-अइला कला मार्ग से मसही कुआनो घाट तक, प्राथमिक विद्यालय हलुआ से बरईपुरवा होते हुए मुर्गी फार्म के बगल से सांवडीह-पोहरखवा-गोहनसा संपर्क मार्ग तथा बेलघाट -मसहा मार्ग से सिरकोहिया होते हुए चुहिरारपुर तक सड़क निर्माण की मांग भी पत्र में शामिल है।
विधायक ने डमरुआ जंगल-सिकटा मार्ग से करविनिया गांव तक, रेवटा खड़ंग -बहादुरशाही गांव के पश्चिम राम अवतार के खेत से पोतनहरी-मुसहा तक, गोभिया चौराहे से उत्तर दिशा में मझौवा-दूधनाथ मार्ग, निपनिया में वाहिद अली के घर से निपनिया छोटका पुरवा मार्ग, ऐनपुर से मझौवा चौधरी मार्ग तथा सुकरौली से बनकटिया-खुटहना मार्ग को भी प्राथमिकता सूची में शामिल कराया है।
📍बभनान से सोनहा -बैड़वा समय माता स्थल तक सड़क के चौड़ीकरण की मांग
विधायक ने दूसरे पत्र में नगर पंचायत बभनान से हलुआ समय माता होते हुए अइलाघाट से सोनहा बैड़वा समय माता स्थल तक जाने वाले लगभग 22 किलोमीटर लंबे मार्ग की स्थिति पर लोक निर्माण विभाग का ध्यान आकर्षित किया है।
विधायक नें लिखा है कि यह मार्ग क्षेत्र के ग्रामीणों, श्रद्धालुओं और प्रतिदिन आवागमन करने वाले नागरिकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
विधायक ने उल्लेख किया है कि वर्तमान में सड़क काफी संकरी और जर्जर स्थिति में है। कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। सड़क की खराब स्थिति के चलते दोपहिया और चारपहिया वाहनों के आवागमन में कठिनाई होती है तथा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को भी आवागमन के दौरान असुविधाओं का सामना करना पड़ता है।
इस समस्या को देखते हुए विधायक ने जनहित में नगर पंचायत बभनान से हलुआ समय माता होते हुए अइलाघाट से सोनहा बेड़वा समय माता स्थल तक जाने वाले मार्ग का चौड़ीकरण और उच्चीकरण कराने का अनुरोध किया है।
📍ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद
दोनों पत्रों के माध्यम से विधायक ने क्षेत्र की सड़क संबंधी आवश्यकताओं को विभागीय स्तर पर उठाते हुए निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देने की मांग की है। यदि प्रस्तावित परियोजनाओं को स्वीकृति मिलती है और उनका निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाता है, तो ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होने के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और अन्य दैनिक गतिविधियों के लिए संपर्क व्यवस्था मजबूत हो सकती है।
अब संबंधित विभाग की स्वीकृति और आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।
🚨वहीं क्षेत्र के लोगों द्वारा इस पर खुशी जाहिर की गई है, साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि अब जब विधानसभा का चुनाव नजदीक है तो ऐसे समय विधायक को इसका ख्याल आया |
जबकि यह कार्य इनको पहले ही करना चाहिए था |
NGV PRAKASH NEWS