Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

बस्ती: मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, गैर इरादतन हत्या के आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया
बस्ती 29 अक्टूबर 2026
बस्ती जिले के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में मारपीट के दौरान घायल हुए युवक की गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मुकदमे में गैर इरादतन हत्या की धारा बढ़ाते हुए आरोपी रविन्द्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी 28 अक्टूबर की रात पिपरा जप्ती स्थित शिव मंदिर पोखरे के पास से की गई।
धक्का देने और मारपीट का आरोप
पुलिस के मुताबिक, कोढ़ियापुर गांव की एक महिला ने 25 अक्टूबर 2026 को वाल्टरगंज थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि 22 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे किसी बात को लेकर रविन्द्र कुमार ने उनके पुत्र को धक्का देकर गिरा दिया और लात-मुक्कों से मारपीट की। इस दौरान गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया था। घायल युवक का इलाज गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चल रहा था।
शिकायत के आधार पर वाल्टरगंज थाने में मुकदमा संख्या 248/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 351(3) और 352 में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
घायल युवक की मौत के बाद बढ़ाई गई धारा
पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर को सूचना मिली कि मुकदमे से संबंधित घायल सचिन कुमार, पुत्र बलराम, निवासी कोढ़ियापुर, थाना वाल्टरगंज, उम्र लगभग 46 वर्ष की बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी रविन्द्र कुमार, पुत्र श्रीराम यादव, उम्र 41 वर्ष, निवासी कोढ़ियापुर को 28 अक्टूबर की रात करीब 11:05 बजे पिपरा जप्ती स्थित शिव मंदिर पोखरे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के आदेश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकान्त के निर्देशन और सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर मानसी दहिया के पर्यवेक्षण में की गई।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में वाल्टरगंज थाना प्रभारी उपनिरीक्षक उपेन्द्र शर्मा, उपनिरीक्षक ओमप्रकाश यादव, हेड कांस्टेबल संतोष यादव और कांस्टेबल सत्येन्द्र कुमार यादव शामिल रहे।
NGV PRAKASH NEWS