दहेज के लिये हत्या करने वाले 3 आरोपियों को पुलिस नें सलाखों के पीछे भेजा…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

बस्ती में दहेज हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई, कप्तानगंज पुलिस ने 24 घंटे के अंदर तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

बस्ती, 30 अक्टूबर 2026.

जिले में दहेज हत्या के एक मामले में कप्तानगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के अंदर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मृतका के ससुर, पति और सास शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को 30 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11:20 बजे गिरफ्तार किया। मामले में आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

दहेज हत्या के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, थाना कप्तानगंज में दहेज हत्या के संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 286/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2), 85 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कप्तानगंज पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुकदमे से संबंधित तीन आरोपियों को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया।

बताते चलें कि थाना दुबौलिया क्षेत्र के बैरागल गांव निवासी नजीर पुत्र अमीन ने थाना अध्यक्ष कप्तानगंज को दिए अपने प्रार्थना पत्र में बताया था कि उन्होंने अपनी बेटी गुलिस्ता खातून की शादी कप्तानगंज क्षेत्र के गौर गांव निवासी नबी जान के पुत्र रफीक के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज को लेकर उनकी बेटी को प्रताड़ित करते थे। प्रार्थना पत्र में दो लाख रुपये नकद, मोटरसाइकिल और अन्य सामान की मांग किए जाने का भी उल्लेख किया गया है।

पीड़ित पिता का आरोप है कि उनकी बेटी के साथ मारपीट की जाती थी और उसे प्रताड़ित कर मायके से रुपये तथा सामान लाने का दबाव बनाया जाता था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई बार समझौते के प्रयास हुए, लेकिन इसके बावजूद उत्पीड़न बंद नहीं हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नवीजान पुत्र स्वर्गीय याकूब उम्र करीब 52 वर्ष, मो. रफीक पुत्र नवीजान उम्र करीब 28 वर्ष तथा सैदुन्नीशा पत्नी नवीजान उम्र करीब 50 वर्ष के रूप में हुई है। तीनों आरोपी ग्राम गौरा, थाना कप्तानगंज, जनपद बस्ती के निवासी हैं।

थानाध्यक्ष के नेतृत्व में हुई गिरफ्तारी

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष कप्तानगंज आलोक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रवीन्द्र यादव, मुख्य आरक्षी गणेश सिंह, आरक्षी पंकज सिंह तथा महिला आरक्षी मनोरमा सरोज शामिल रहीं।

पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *