जिलाधिकारी ने किया टांडा घाट का निरीक्षण, श्रद्धालुओं के सुरक्षा के दिए सख्त निर्देश…….

Gyan Prakash Dubey-NGV PRAKASH NEWS

कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए दिए सख्त निर्देश

बस्ती, 23 नवंबर 2026। कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं को लेकर जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने माझा खुर्द टाण्डा पुल के दोनों तरफ तथा ग्राम सभा वैष्णोपुर में आयोजित होने वाले मेले के स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। 23 नवंबर की मध्य रात्रि से 24 नवंबर तक टाण्डा पुल के समीप बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के स्नान एवं पूजा-पाठ करने के साथ ही वैष्णोपुर में स्थानीय मेले और रावण दहन कार्यक्रम में भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

टाण्डा पुल पर गोताखोर, स्टीमर और नावों की व्यवस्था के निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने टाण्डा पुल के दोनों तरफ गोताखोर, स्टीमर एवं नावों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि स्नान के दौरान किसी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल बचाव कार्य किया जा सके। उन्होंने खोया-पाया कैंप तथा मेडिकल कैंप स्थापित करने, घाट और कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई तथा पार्किंग की समुचित व्यवस्था कराने पर विशेष जोर दिया।

श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए पुल के दोनों तरफ बैरिकेडिंग कराने तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि मेले एवं स्नान स्थल पर सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

मेडिकल टीम और अग्निशमन व्यवस्था रहेगी मुस्तैद

जिलाधिकारी ने टाण्डा पुल एवं कार्यक्रम स्थल पर चिकित्सकों की टीम तैनात रखने के निर्देश दिए, जिससे जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर फायर बिग्रेड, अग्निशमन यंत्र तथा अन्य अग्नि सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त रखने को कहा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए पर्व और मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं।

यहां बताते चलें कि कलवारी थाना क्षेत्र में स्थित सरयू नदी के किनारे टांडा घाट पर कार्तिक पूर्णिमा को हजारों श्रद्धालु स्नान करने आते हैं, कार्तिक पूर्णिमा का यह स्नान 23- 24 नवंबर की मध्य रात्र से ही शुरू हो जाता है | इस दौरान घाट के आसपास हजारों दुकानें भी लगते हैं |

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी सुनंदु सुधाकरन, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, खण्ड विकास अधिकारी बहादुरपुर राम विशाल, मेला अध्यक्ष सुभाष चन्द्र यादव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *