16 जिलों में एक भी छात्रा को नहीं मिली स्कूटी,शासन हुआ सख्त…….

NGV PARAKAS NEWS

रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना की रफ्तार सुस्त, यूपी के 16 जिलों में अब तक एक भी छात्रा का सत्यापन नहीं, शासन सख्त

लखनऊ.

उत्तर प्रदेश में मेधावी छात्राओं को स्कूटी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना की प्रगति धीमी होने पर शासन ने नाराजगी जताई है। प्रदेश के 16 जिलों में अब तक एक भी छात्रा के दस्तावेजों का सत्यापन शुरू नहीं हो सका है। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए शासन ने सभी जिलाधिकारियों को तत्काल सत्यापन प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए हैं।

योजना के तहत आधार से सत्यापित कुल 25,561 छात्राओं का डेटा संबंधित जिलाधिकारियों को भेजा गया था। जिलाधिकारियों को छात्राओं के दस्तावेजों की जांच कर पात्रता प्रमाणित करनी है। 23 नवंबर 2026 तक की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश के 59 जिलों में कुल 9,935 छात्राओं का डेटा सत्यापित किया जा चुका है, जबकि 16 जिलों में सत्यापन की प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई है।

यूपी के इन 16 जिलों में सत्यापन का काम शून्य

जिन जिलों में अब तक किसी भी छात्रा का दस्तावेज सत्यापन नहीं हुआ है, उनमें अयोध्या, बलिया, बरेली, बिजनौर, गोंडा, हरदोई, जालौन, जौनपुर, कानपुर नगर, मऊ, पीलीभीत, संभल, संतकबीरनगर, सीतापुर, सुल्तानपुर और वाराणसी शामिल हैं।

वहीं रायबरेली में केवल एक छात्रा का डेटा प्रमाणित हुआ है, जबकि शामली और श्रावस्ती में तीन-तीन छात्राओं का सत्यापन किया गया है।

15,620 छात्राओं का डेटा अब भी लंबित

आंकड़ों के अनुसार, जिलाधिकारी स्तर पर अभी भी 15,620 छात्राओं का डेटा लंबित है। दूसरी ओर, जिन 9,935 छात्राओं का सत्यापन पूरा हो चुका है, उनमें से केवल 4,256 छात्राओं का विवरण स्कूटी निर्माता कंपनियों (ओईएम) को भेजा गया है। शेष 5,679 छात्राओं का डेटा अभी कंपनियों तक नहीं पहुंचा है।

इस स्थिति को देखते हुए शासन के विशेष सचिव सर्वेश कुमार सिंह ने 23 नवंबर को सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए। उन्होंने छात्राओं के दस्तावेजों का सत्यापन शीघ्र पूरा कर प्रमाणित डेटा संबंधित स्कूटी निर्माता कंपनियों को भेजने को कहा है, जिससे स्कूटी वितरण की आगे की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो।

इन 16 जिलों में सत्यापन का काम पूरा

प्रदेश के 16 जिलों ने सत्यापन प्रक्रिया पूरी कर ली है। इनमें आगरा, अमेठी, बहराइच, देवरिया, फर्रुखाबाद, हमीरपुर, हाथरस, कासगंज, कौशांबी, लखीमपुर खीरी, ललितपुर, मिर्जापुर, रामपुर, सहारनपुर, श्रावस्ती और सोनभद्र शामिल हैं।

शासन की मंशा है कि सभी जिलों में लंबित सत्यापन जल्द पूरा कराया जाए, ताकि पात्र छात्राओं को स्कूटी उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ सके। अब देखना होगा कि प्रशासनिक स्तर पर तेजी आने के बाद छात्राओं को इस योजना का लाभ कब तक मिल पाता है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *