डीएम ने चार बूथों का किया निरीक्षण, दिए यह सख्त निर्देश…….

Gyan Prakash Dubey-NGV PRAKASH NEWS

विशेष अभियान दिवस पर डीएम ने दसिया के चार बूथों का किया निरीक्षण, नए मतदाताओं के पंजीकरण में तेजी लाने के निर्देश

बस्ती, 28 नवंबर 2026.

मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 2 दिन के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान (SSR-2027) के तहत शनिवार को जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने विधानसभा क्षेत्र रुधौली (309) के प्राथमिक विद्यालय दसिया में स्थापित चार मतदान बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ संख्या 287, 288, 289 और 290 पर पहुंचकर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 के माध्यम से किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बीएलओ से नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता सूची से नाम हटाने तथा नाम और अन्य विवरणों में संशोधन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि विशेष अभियान दिवस पर फार्म-6 भरवाने में विशेष तेजी लाई जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए। उन्होंने विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं और ऐसे पात्र नागरिकों को चिह्नित करने पर जोर दिया, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों और बीएलओ को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान आम नागरिकों को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक करें तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सभी आवश्यक प्रपत्र भरवाना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना अभियान की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं बीएलओ उपस्थित रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *