
Gyan Prakash Dubey
महाराष्ट्र: गोंदिया में दर्दनाक बस हादसा, 9 की मौत, कई गंभीर रूप से घायल
मुंबई 29 नवंबर 24.
महाराष्ट्र के गोंदिया में शुक्रवार को एक भीषण बस दुर्घटना में 9 लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे की वजह बाइक को बचाने के चक्कर में बस का अनियंत्रित होकर पलटना बताया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये की तत्काल सहायता देने की घोषणा की है।
कैसे हुआ हादसा?
घटना गोंदिया-कोहमारा स्टेट हाईवे पर खजरी गांव के पास हुई। शिवशाही बस, जो महाराष्ट्र राज्य परिवहन निगम (MSRTC) की थी, भंडारा से गोंदिया की ओर जा रही थी। बस का नंबर MH 09 EM 1273 है। टर्निंग रोड पर अचानक सामने से एक बाइक आ गई। बाइक को बचाने की कोशिश में ड्राइवर ने कट मारा, जिससे बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
मौके पर ही मौतें और अफरा-तफरी
बस पलटने से कुछ यात्री उसके नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय बस में 35 से अधिक यात्री सवार थे। इस हादसे में 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
फरार हुआ ड्राइवर, जांच जारी
हादसे के बाद बस चालक घटनास्थल से फरार हो गया। चश्मदीदों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने घायलों को गोंदिया के जिला शासकीय अस्पताल (केटीएस) में भर्ती कराया। बस को घटनास्थल से हटाने के लिए क्रेन का सहारा लिया गया। पुलिस ने ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा किया है।
बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त
हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है, और सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
यह हादसा राज्य में सड़क सुरक्षा और सावधानी बरतने की आवश्यकता पर एक गंभीर सवाल खड़ा करता है। संबंधित अधिकारियों ने घटना की गहन जांच शुरू कर दी है।


