
Gyan Prakash Dubey
पूर्णिया में हिन्दुस्तान के फोटो जर्नलिस्ट की हत्या, पड़ोसी ने विवाद सुलझाने के लिए बुलाया था
पूर्णिया, 28 दिसंबर 2024
हिन्दुस्तान अखबार के पूर्णिया कार्यालय के छायाकार (फोटो जर्नलिस्ट) नीलाम्बर यादव की देर रात अपराधियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। छायाकार के सिर और अंगुली में गंभीर जख्म के निशान पाए गए हैं।
आरोप उनके घर के सामने के पड़ोसी पर लगा है। पुलिस ने मृतक की पत्नी स्वीटी कुमारी के आवेदन पर केहाट थाना में हत्या का मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मरंगा थाना के रहुआ निवासी प्रमोद यादव के रूप में हुई है। प्रमोद यादव को मधुबनी थाना के बक्सा घाट स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया। अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं।
साजिश रच हत्या का आरोप
मृतक की पत्नी के अनुसार, देर रात लगभग 1:24 बजे पड़ोसी नीरज यादव एवं उसका बेटा निशांत यादव उर्फ नीशू हंगामा करते हुए छायाकार को घर से बाहर बुलाकर अपने घर ले गए। जब वे काफी देर तक नहीं लौटे, तो पत्नी ने घरवालों को जगाया।
छायाकार के भाई पिताम्बर यादव जब पड़ोसी के घर पहुंचे, तो देखा कि नीरज यादव, उसका बेटा निशांत यादव, बेटियां ऋचा कुमारी एवं स्वाती कुमारी, चचेरा भाई प्रमोद यादव और बहू भवानी कुमारी मिलकर छायाकार के साथ मारपीट कर रहे थे। बीच-बचाव करने गए पिताम्बर यादव पर प्रमोद यादव ने खन्ती से हमला किया।
परिवार पहुंचा तो आरोपी भाग चुके थे
हमले से बचकर पिताम्बर यादव घर लौटे और घटना की सूचना दी। जब परिवार के अन्य सदस्य पहुंचे, तब तक आरोपी भाग चुके थे।
गंभीर रूप से घायल छायाकार को जीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। डॉक्टर ने बताया कि मृतक का विसरा प्रीजर्व कर लिया गया है।
पहले से थी रंजिश
मृतक के भाई पिताम्बर यादव ने बताया कि आरोपियों से छायाकार की पहले से रंजिश थी। आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के रहे हैं।
निशांत यादव पूर्व में श्रीनगर थाना क्षेत्र के मुखिया पप्पू यादव की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। जेल से छूटने के बाद उसने पिस्टल लेकर छायाकार को धमकाया था, जिसके बाद छायाकार ने सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे।
पत्रकारों में रोष, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग
छायाकार की हत्या से पत्रकारों में भारी रोष है। पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर लाया गया, तो पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों और समाज के कई लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
पूर्णिया एसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। एक आरोपी गिरफ्तार किया जा चुका है और बाकी की तलाश जारी है।

