
दक्षिण कोरिया में भीषण विमान हादसा: 28 की मौत, 180 लोग थे सवार
नई दिल्ली 29 दिसंबर 24.
दक्षिण कोरिया के मुआन हवाई अड्डे पर रविवार को एक दर्दनाक विमान हादसा हुआ। जेजू एयर की एक फ्लाइट, जो थाईलैंड से लौट रही थी, रनवे पर लैंडिंग के दौरान नियंत्रण खो बैठी और बाड़ से टकरा गई। इसके बाद विमान में आग लग गई। योनहाप समाचार एजेंसी के अनुसार, इस हादसे में अब तक 28 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
हादसे के तुरंत बाद एयरपोर्ट पर तैनात फायर ब्रिगेड की टीम सक्रिय हो गई और आग पर काबू पा लिया गया। इस विमान में करीब 180 यात्री सवार थे। हादसे के दृश्य स्थानीय मीडिया द्वारा साझा किए गए, जिनमें विमान को जलते हुए देखा जा सकता है।
घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, लैंडिंग गियर में तकनीकी खराबी हादसे की मुख्य वजह हो सकती है।
राष्ट्रपति ने दिए राहत कार्यों के आदेश
दक्षिण कोरिया के कार्यवाहक राष्ट्रपति चोई सुंग-मोक ने तत्काल बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उनके कार्यालय ने जानकारी दी कि वह स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। गौरतलब है कि चोई सुंग-मोक को हाल ही में देश का अंतरिम नेता नियुक्त किया गया था, क्योंकि राजनीतिक संकट के चलते पूर्व राष्ट्रपति को महाभियोग का सामना करना पड़ा था।
हादसे को लेकर देशभर में शोक की लहर है। अधिकारी राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ घायलों के इलाज और हादसे के कारणों की गहन जांच में जुट गए हैं।


