
आगरा: तेज रफ्तार बस ट्रक से टकराई, चार की मौत, 12 घायल
आगरा, 1 मार्च 2025
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा आगरा के फतेहाबाद थाना इलाके में लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के हुआ। बनारस से आगरा की ओर आ रही एक डबल डेकर बस तेज रफ्तार में थी और अचानक नियंत्रण खोकर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और एक साइड के परखच्चे उड़ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त अधिकतर यात्री गहरी नींद में थे। अचानक एक जोरदार झटका लगा और बस में चीख-पुकार मच गई। आगे की सीटों पर बैठे यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे यात्रियों को गंभीर चोटें आईं।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त बस में फंसे यात्रियों को खिड़कियां तोड़कर बाहर निकाला गया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने मृतकों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस तेज रफ्तार में थी, जिसके कारण ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और ट्रक से टकरा गई। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ड्राइवर नशे में था या उसे झपकी आ गई थी।
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन पुलिस ने तुरंत स्थिति को संभाल लिया। दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को हटाकर रास्ता साफ कर दिया गया है।
पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि अगर बस चालक की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, बस कंपनी की भी जांच की जा रही है कि कहीं वाहन में कोई तकनीकी खामी तो नहीं थी।
इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी के खतरे को उजागर कर दिया है। प्रशासन यात्रियों से अपील कर रहा है कि वे यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और वाहन चालक पूरी सतर्कता बरतें।
NGV PRAKASH NEWS


