Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

वन विभाग की टीम पर जानलेवा हमले के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, बेलहरकला पुलिस ने भेजा न्यायालय
संतकबीरनगर, 01 नवंबर 2026.
रिजर्व फॉरेस्ट की लकड़ी के अवैध कटान की जांच करने पहुंची वन विभाग की टीम पर लाठी-डंडों से हमला करने और जान से मारने की कोशिश के मामले में बेलहरकला पुलिस ने वांछित अभियुक्त नजबुल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त को उसके घर से गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय रवाना कर दिया।
वन विभाग की टीम पर किया था हमला
पुलिस के अनुसार, मामला 3 अक्टूबर 2026 का है। मेंहदावल रेंज के बेलहरकला क्षेत्र में रिजर्व फॉरेस्ट की लकड़ी के अवैध कटान की सूचना मिलने पर वन विभाग के कर्मचारी गोविन्द त्रिपाठी अपनी टीम के साथ ग्राम जंगल दशहर पहुंचे थे।
आरोप है कि वहां नजबुल और उसके साथियों ने वन विभाग की टीम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान गोविन्द त्रिपाठी का गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया गया तथा बचाव में आए अन्य कर्मचारियों के साथ भी मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई थी।
चार आरोपी पहले से जेल में निरुद्ध
इस मामले में थाना बेलहरकला पर मुकदमा अपराध संख्या 294/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, इस प्रकरण में सदरे आलम, मोहम्मद फारुख, हकीमुल्लाह और रजा सरवरे आलम पहले से जिला कारागार में निरुद्ध हैं। अब वांछित अभियुक्त नजबुल की गिरफ्तारी की गई है।
एसपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी मेहदावल सर्व दवन सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सर्वेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई की।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक वीरेन्द्र कन्नौजिया, हेड कांस्टेबल बृजेश पाण्डेय और कांस्टेबल रोहित कुमार शामिल रहे।
NGV PRAKASH NEWS