
सेल्फी के चक्कर में गई जान, वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से छात्र की मौत
गौर (बस्ती): उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। रेलवे स्टेशन से तीन किलोमीटर पूरब केसरई गांव के पास गोरखपुर से लखनऊ जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से हाईस्कूल के एक छात्र की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि छात्र अपने दोस्तों के साथ बाइक से परीक्षा देने जा रहा था, लेकिन रेलवे ट्रैक पर सेल्फी लेने के दौरान हादसे का शिकार हो गया।
कैसे हुआ हादसा?
पैकोलिया क्षेत्र के औरातोंदा गांव निवासी चैतूराम का 17 वर्षीय बेटा शिवम लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज, मुसहा का छात्र था। मंगलवार को वह दोस्तों के साथ बाइक से पंडित जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज, आमा टिनिच में परीक्षा देने जा रहा था। रास्ते में गौर रेलवे स्टेशन के पास गेट संख्या 212 सी पर गेट बंद था, जिसके कारण तीनों दोस्तों को इंतजार करना पड़ा। इस दौरान शिवम रेलवे लाइन पर जाकर सेल्फी लेने लगा।
इसी दौरान शिवम का प्रवेश पत्र जेब से गिरकर रेलवे ट्रैक पर चला गया। जब वह झुककर उसे उठाने लगा, तभी तेज रफ्तार में आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद शिवम के दोस्तों ने गेटमैन को उसकी पहचान बताई और खुद परीक्षा देने चले गए।
रेलवे और पुलिस ने दी जानकारी
घटना की सूचना मिलते ही ट्रेन चालक ने गौर रेलवे स्टेशन अधीक्षक को जानकारी दी। गेटमैन विक्रम ने भी स्टेशन अधीक्षक को हादसे की सूचना दी। गौर थाने के उपनिरीक्षक विनय प्रताप सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई और पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है, लेकिन अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। इस दर्दनाक हादसे से इलाके में शोक की लहर है। रेलवे प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक पर सेल्फी लेना और लापरवाही करना जानलेवा साबित हो सकता है।
NGV PRAKASH NEWS

