प्रेम में पागल लड़की ने उठाया कुल्हाड़ी,पूरे क्षेत्र में मच गया हड़कंप

प्रेमी संग बेटी ने रची पिता की हत्या की साजिश, कुल्हाड़ी से वार कर उतारा मौत के घाट

देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने वारदात के महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के भरौली बाजार महुआबारी मोहल्ले की है, जहां मंगलवार की आधी रात इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया।

कैसे हुआ हत्याकांड?

सदर कोतवाली क्षेत्र के 65 वर्षीय उदयभान यादव के मोहल्ले में दो मकान थे। उनका छोटा बेटा दिव्यांशु नए मकान में सोता था, जबकि उदयभान पुराने मकान में अपनी छोटी बेटी के साथ रहते थे। मंगलवार की रात उदयभान किसी के घर दावत खाने गए थे। रात 12 बजे उनकी बेटी ने अपने चाचा धर्मेंद्र को फोन कर बताया कि उदयभान घर में लहूलुहान पड़े हैं।

परिजन उन्हें लेकर महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को सुबह 4 बजे मिली।

पुलिस ने 12 घंटे में सुलझाई हत्या की गुत्थी

घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाल दिलीप सिंह, सीओ संजय कुमार रेड्डी, एएसपी दीपेंद्रनाथ चौधरी और एसपी विक्रांत वीर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू की।

शक के आधार पर पुलिस ने उदयभान की बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां से पुलिस को अहम सुराग मिले। कड़ाई से पूछताछ करने पर बेटी ने अपने प्रेमी विशेष कुमार गोड़ के साथ मिलकर पिता की हत्या की बात कबूल कर ली।

प्रेम प्रसंग बना मौत की वजह

जांच में पता चला कि मूड़ाडीह निवासी विशेष कुमार गोड़ का उदयभान की बेटी के साथ लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। जब उदयभान को इस रिश्ते की भनक लगी, तो उन्होंने बेटी को कड़ी फटकार लगाई थी। इसी बात से नाराज होकर बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर पिता को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

कुल्हाड़ी से किया वार, खून से सना कपड़ा बरामद

हत्या की रात बेटी ने अपने प्रेमी विशेष को घर बुलाया। जब उदयभान सो गए, तो विशेष ने कुल्हाड़ी से उनके सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद बेटी ने प्रेमी को वहां से भगा दिया और परिजनों को सूचना दी कि कोई अज्ञात हमलावर पिता को मारकर चला गया।

पुलिस को जांच के दौरान बेटी की कहानी पर शक हुआ। सर्विलांस की मदद से पुलिस को पता चला कि हत्या के वक्त विशेष गोड़ का मोबाइल लोकेशन घटनास्थल के पास था। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और बेटी के खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।

इस हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *