हैवान निकला पुजारी दो दोस्तों संग किया रेप : लड़की ने वंदे भारत..

सोनीपत में छात्रा ने वंदे भारत ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, पिता ने लगाया दुष्कर्म और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप

सोनीपत, 7 मार्च 2025 – हरियाणा के सोनीपत जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 12वीं कक्षा की एक छात्रा ने वंदे भारत ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। यह घटना दिल्ली-अंबाला रेलवे ट्रैक पर गन्नौर और भोड़वाल माजरी स्टेशन के बीच हुई। सूचना मिलते ही जीआरपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस ने इस मामले में तुषार नाम के युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मृतका के पिता ने गांव के दो युवकों और एक पुजारी पर दुष्कर्म और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है।

क्या है पूरा मामला?

मृतका के पिता के अनुसार, उनकी बेटी पिछले कुछ दिनों से तुषार और कमल नाम के युवकों के जाल में फंसी हुई थी। 4 मार्च को वे उसे बहला-फुसलाकर गांव के मंदिर में पुजारी मंजीत के पास ले गए। इसके अगले दिन, 5 मार्च को पुजारी मंजीत ने फोन कर परिवार को सूचना दी कि उनकी बेटी ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी है।

परिजनों का आरोप है कि तुषार, कमल और पुजारी मंजीत ने उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने इस मामले में पॉक्सो एक्ट, अपहरण और आत्महत्या के लिए मजबूर करने जैसी गंभीर धाराओं के तहत तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

पुलिस जांच जारी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

जीआरपी थाना के उपनिरीक्षक महाबीर तोमर ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी तुषार को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि छात्रा को न्याय मिल सके।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *