
इंदौर: थाने में झाड़ू लगवाने के बाद हार्ट अटैक, पुलिस की लापरवाही से गई जान!
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में दहेज प्रताड़ना का विरोध करना एक पिता के लिए जानलेवा साबित हुआ। बेटी को ससुराल में प्रताड़ित किए जाने का विरोध करने पर दामाद और उसके स्वजनों ने धर्मेंद्र नामदेव की बेरहमी से पिटाई कर दी। जब वे न्याय की उम्मीद लेकर थाने पहुंचे, तो पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय उनसे झाड़ू लगवाई। इस दौरान उन्हें हार्ट अटैक आ गया, लेकिन पुलिस ने अस्पताल ले जाने के बजाय रिक्शे से घर भेज दिया। परिवार वाले जब अस्पताल लेकर पहुंचे, तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गुस्साए परिजनों का विधायक के घर के बाहर प्रदर्शन
इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के घर के सामने शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया। मृतक की बेटी प्रियंका ने बताया कि उसका पति हरिगोविंद लगातार दहेज की मांग करता था। जब पिता ने इसका विरोध किया, तो दामाद और उसके स्वजनों ने उनकी पिटाई कर दी।
मृतक की पत्नी रानी नामदेव ने इसे हत्या करार देते हुए कहा कि हमलावरों ने धर्मेंद्र के सीने पर वार किया था, जिसके कारण उनकी जान गई। वहीं, वाणगंगा थाना प्रभारी सियाराम सिंह गुर्जर ने झाड़ू लगवाने के आरोप को गलत बताया है।
इस घटना के बाद पुलिस की लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं। क्या मृतक को समय रहते अस्पताल ले जाया जाता, तो उनकी जान बच सकती थी? प्रशासन की इस निष्क्रियता ने एक और परिवार को उजाड़ दिया।
NGV PRAKASH NEWS

