
बिहार की नदी में ‘अमेज़न वाली’ शिकारी मछली! मछुआरों ने पकड़ी, हड़कंप मचा
मोतिहारी: बिहार के मोतिहारी जिले में मछली पकड़ने गए युवकों को कुछ ऐसा मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई! भारत-नेपाल सीमा पर बहने वाली अरुणा नदी में मछुआरों के जाल में अमेरिकन कैटफिश फंस गई—जी हां, वही खतरनाक शिकारी मछली जो आमतौर पर दक्षिण अमेरिका की अमेज़न नदी में पाई जाती है!
मछली देख मछुआरे भी रह गए दंग!
स्थानीय युवकों का कहना है कि जब उन्होंने नदी में जाल डाला, तो पांच अजीब दिखने वाली मछलियाँ उसमें फंस गईं। पहले तो किसी को समझ नहीं आया कि ये कौन-सी मछली है, लेकिन जब गौर से देखा गया, तो पता चला कि ये तो वही कुख्यात अमेरिकन कैटफ़िश है, जो दूसरी मछलियों को खाकर जिंदा रहती है!
कैटफ़िश का रहस्य, बिहार में कैसे आई अमेज़न की मछली?
यह मछली अपने अनोखे शरीर और धारियों के कारण ‘कैटफिश’ कहलाती है। विशेषज्ञों के मुताबिक, यह बेहद खतरनाक शिकारी मछली होती है और किसी भी नदी के जलीय संतुलन को बिगाड़ सकती है। सवाल ये उठता है कि यह मछली बिहार की नदी में आई कैसे? क्या किसी ने इसे जानबूझकर यहाँ छोड़ा, या फिर किसी अन्य तरीके से यह यहाँ पहुंच गई?
गांव में मची खलबली, नदी किनारे उमड़ी भीड़
अमेरिकन कैटफिश मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैली और लोग इस अनोखी मछली को देखने के लिए उमड़ पड़े। स्थानीय लोगों को अब चिंता सताने लगी है कि अगर यह मछली यहाँ बढ़ती रही, तो यह स्थानीय मछलियों और पारिस्थितिकी तंत्र के लिए खतरा बन सकती है।
सरकार और मत्स्य विभाग को इस मामले की गहराई से जांच करनी चाहिए, क्योंकि अगर विदेशी मछलियों का ऐसे ही आगमन होता रहा, तो यह स्थानीय जलीय जीवों के अस्तित्व के लिए खतरनाक साबित हो सकता है।
NGV PRAKASH NEWS

