
नशे की लत और गुस्से ने ली पिता की जान, बेटे ने लोहे की रॉड से उतारा मौत के घाट
प्रयागराज के यमुनानगर स्थित कौंधियारा थाना क्षेत्र के सेहरा गांव में गुरुवार रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। महज 16 साल के बेटे ने अपने 52 वर्षीय पिता भरत लाल पटेल की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। नशे में धुत किशोर इसके बाद खुद ही थाने पहुंचा और पुलिस से कहा— “मैंने अपने पिता का कत्ल किया है!” लेकिन पुलिस ने उसे पागल समझकर भगा दिया। कुछ ही देर बाद गांववालों ने जब पुलिस को इस वारदात की जानकारी दी, तो उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। मृतक की सबसे छोटी बेटी नेहा ने तहरीर देकर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
बेटा चाहता था पैसे, पिता के इनकार पर उतरा था कहर
भरत लाल पटेल के चार बेटियां— सविता, कविता, सरिता और नेहा हैं। बेटा 16 साल का है, जो पिता के साथ गांव में ही रहता था। बाकी बेटियां शादीशुदा या नौकरी के सिलसिले में दिल्ली में थीं। बताया जाता है कि घटना की रात किशोर ने पिता से पैसे मांगे थे, लेकिन जब भरत लाल ने देने से इनकार कर दिया, तो बेटे का गुस्सा फूट पड़ा। उसने लोहे की रॉड उठाई और बेरहमी से वार करने लगा, जब तक कि पिता की सांसें थम नहीं गईं।
पहले भी कर चुका था पिता पर हमला
यह पहली बार नहीं था जब किशोर ने अपने पिता पर हाथ उठाया था। चार महीने पहले भी उसने उन्हें बेरहमी से पीटा था। उस समय बेटी सरिता ने थाने में शिकायत भी की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद यादव बोले…
“भरत लाल पटेल ने अपनी जमीन का कुछ हिस्सा बेचकर चारों बेटियों को बराबर हिस्से में रुपये दिए थे। लेकिन उनका बेटा आए दिन अलग-अलग बहानों से पैसे मांगता था— कभी घूमने के लिए, तो कभी शराब पीने के लिए। जब भरत लाल ने उसे पैसे देने से मना कर दिया, तो उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।”
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद कर ली गई है। यह घटना नशे की लत और पारिवारिक तनाव के घातक नतीजों की भयावह तस्वीर पेश करती है।
NGV PRAKASH NEWS


