बारात से लौट रही कार का हुआ भीषण एक्सीडेंट, 6 लोगों की दर्दनाक मौत,2 घायल


कुशीनगर में तेज़ रफ्तार कार पेड़ से टकराई, छह लोगों की मौत, दो गंभीर

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर ज़िले में रविवार रात तेज़ रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक अनियंत्रित कार सड़क से फिसलकर पेड़ से जा टकराई, जिससे दर्दनाक हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज गोरखपुर के मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

यह हादसा रामकोला थाना क्षेत्र के नारायणपुर विजयपुर से लौट रही एक बारात के दौरान हुआ। बारात नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के देवगांव गई थी और लौटते समय पडरौना-पनियहवा मार्ग पर भुजौली शुक्ल गांव के सामने कार अनियंत्रित होकर पलट गई और पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पेड़ में चिपक सी गई और दुर्घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से गैस कटर से कार को काटकर शवों और घायलों को बाहर निकाला गया। राहत और बचाव कार्य करीब दो घंटे तक चला। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि पांच घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां तीन और लोगों ने दम तोड़ दिया। शेष दो घायलों को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।

पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद जिला अस्पताल में देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *