नगर बाजार में अज्ञात कारणों से मरे युवक की सड़क के किनारे मिला शव


नगर बाजार में सड़क किनारे मिला शव, मृतक की पहचान टेमा निवासी पंकज गुप्ता के रूप में
रिपोर्ट: जी.पी. दुबे | संपर्क: 97210 71175 | बस्ती | 21 अप्रैल 2025

नगर थाना क्षेत्र के नगर बाजार में आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब स्टेट बैंक के आगे सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा मिला। शव के ऊपर मक्खियाँ भिनभिना रही थीं और चींटियाँ रेंग रही थीं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि मृत्यु कई घंटे पहले हुई होगी।

सूचना पर नगर थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने मौके पर पहुंचकर शव का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

मृतक की पहचान पंकज गुप्ता (पुत्र सुभाष गुप्ता), निवासी ग्राम टेमा, थाना नगर के रूप में हुई है। पंकज छह भाइयों में चौथे नंबर पर था। परिजनों के अनुसार वह शराब पीने का आदी था और अक्सर रात में घर से बाहर निकल जाया करता था।

जानकारी के अनुसार मृतक के पिता सेतु निगम में कार्यरत थे। परिवार में एक भाई ठेकेदारी करता है, जबकि एक अन्य भाई सेना में सेवारत है। सूत्रों का कहना है कि परिजनों ने उसकी आदतों को सुधारने के उद्देश्य से उसकी शादी कर दी थी, लेकिन विवाह के बाद भी उसमें कोई परिवर्तन नहीं आया। पत्नी लंबे समय से मायके में रह रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार पंकज लेबर का काम करता था और आज सुबह जब वह वहां आया, तो नशे में बुरी तरह चूर था। बातचीत में उसका उच्चारण ठीक नहीं था, लेकिन पूछने पर उसने अपना नाम ‘पंकज, टेमा निवासी’ बताया था। लोगों का मानना है कि वह नशे की हालत में सड़क पर गिर पड़ा और सड़क किनारे किसी नुकीली चीज से उसके सिर पर चोट लग गई।

नगर थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला नशे में गिरने से सिर में चोट लगने और उसकी वजह से मौत का प्रतीत होता है। हालांकि, मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

NGV PRAKASH NEWS


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *