
कौशांबी: एकतरफा प्यार में पागल युवक ने रचाई साजिश, युवती की शादी में रचाई तबाही की पटकथा, पुलिस ने मंडप में संभाली कमान
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने एकतरफा प्यार में पूरी हदें पार कर दीं। पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली युवती की शादी तय थी, लेकिन युवक ने युवती की जिंदगी को बदनाम करने की नीयत से उसकी निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं। यही नहीं, आरोपी ने युवती के ससुराल पक्ष को भी फोन कर आपत्तिजनक बातें कहीं और धमकाया कि वह मंडप से दुल्हन को उठा ले जाएगा।
इस घटना ने युवती और उसके परिवार को सकते में डाल दिया। डर के माहौल में परिजनों ने तुरंत पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव से गुहार लगाई। मामला गंभीर देखते हुए पुलिस ने तुरंत हरकत में आकर गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। शादी के दौरान हर रस्म पुलिस की कड़ी निगरानी में पूरी कराई गई। मंडप से लेकर बारात विदाई तक पुलिस का पहरा लगा रहा ताकि किसी भी अनहोनी को रोका जा सके।
शादी के बाद युवती के पिता ने पुलिस का धन्यवाद करते हुए कहा कि अगर सुरक्षा नहीं होती तो शायद शादी टूट ही जाती। उन्होंने पुलिस की तत्परता और सुरक्षा व्यवस्था की सराहना की।
मामले में सीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि युवती के पिता की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की सक्रियता के चलते शादी निर्विघ्न संपन्न हुई। अब आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS

