1500 रुपए ने ले ली एक परिवार के तीन लोगों की जान


गोरखपुर: 1500 रुपये के विवाद में एक ही परिवार के तीन लोगों ने तोड़ा दम, गांव में पसरा मातम

गोरखपुर 2 मई 25.|

गोरखपुर के हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के कुचडेहरी गांव में गुरुवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। मामूली कहे जाने वाले 1500 रुपये के विवाद ने एक ही परिवार के तीन लोगों की जान ले ली।

मोहित कन्नौजिया (18), जो मुंबई में कपड़े प्रेस करने का काम करता था, मंगलवार को अपनी मां कौशल्या देवी (55) और बहन सुप्रिया (14) के साथ दवा खरीदने बाजार गया था। बाजार में मोहित ने अपनी मां से मोबाइल बनवाने के लिए 1500 रुपये मांगे। मां के पैसे न दे पाने पर नाराज होकर मोहित घर लौट आया। घर पहुंचते ही उसने खुद को कमरे में बंद किया और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

जब मां और बहन घर लौटीं तो दरवाजा अंदर से बंद था। शंका होने पर पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया, जहां मोहित को फंदे से लटका देखकर मां-बेटी बेसुध हो गईं। मोहित के शव से लिपटकर मां कौशल्या और बहन सुप्रिया फूट-फूटकर रोने लगीं। लेकिन यह गम इतना भारी था कि दोनों ने खुदकुशी का कदम उठा लिया। उन्होंने जहर खा लिया, जिसके बाद गांव वालों ने पुलिस को सूचना दी और दोनों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। इलाज के दौरान पहले सुप्रिया और फिर गुरुवार को कौशल्या देवी की भी मौत हो गई।

एसपी नॉर्थ जितेन कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यह मामला पारिवारिक विवाद का है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बताया गया कि मोहित के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है और उसकी दो बड़ी बहनें स्नेहलता और शशिलता शादीशुदा हैं।

इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। हर कोई यही कह रहा है कि अगर हालात को थोड़ा धैर्य से संभाला जाता तो शायद आज ये परिवार जिंदा होता।

NGV PRAKASH NEWS


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *