
ऑपरेशन सिंदूर पर नारा लगाना पड़ा महंगा: शाहजहांपुर में 8 साल के बच्चे पर चाकू से हमला, दो आरोपी गिरफ्तार
शाहजहांपुर 7 मई 2025।
पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर भारत द्वारा किए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है। लेकिन उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक आठ वर्षीय बच्चे द्वारा पाकिस्तान मुर्दाबाद का नारा लगाना दो युवकों को इतना नागवार गुजरा कि उन्होंने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
घटना पुवायां गल्ला मंडी की है, जहां धर्मांगदापुर निवासी आठ वर्षीय सुरजीत अपने पिता के साथ आया हुआ था। मंडी में मौजूद लोग ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान सुरजीत ने “हिंदुस्तान जिंदाबाद” और “पाकिस्तान मुर्दाबाद” के नारे लगाए। वहां मौजूद मोहीद खान और वसीम नामक युवक इससे नाराज हो गए और उन्होंने पहले तो बच्चे के साथ मारपीट की, फिर चाकू से उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में सुरजीत के हाथ पर गहरी चोट आई और वह जमीन पर गिर पड़ा। मंडी में काम कर रहे मजदूरों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को पकड़कर उनकी पिटाई की और फिर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही हिंदू युवा संगठन भारत के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। संगठन के संस्थापक अध्यक्ष अवनीश मिश्रा ने कहा, “एक मासूम बच्चे पर सिर्फ इसलिए हमला करना कि उसने भारतीय सेना के समर्थन में नारा लगाया, यह देशद्रोह है। आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।”
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और पीड़ित परिवार की तहरीर पर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
NGV PRAKASH NEWS

