
हरियाणा के पंचकूला में एक ही परिवार के 7 लोगों ने की आत्महत्या: आर्थिक तंगी बनी वजह
27 मई 2025
हरियाणा के पंचकूला में सोमवार को एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के सात लोगों ने सामूहिक रूप से आत्महत्या कर ली। यह घटना पंचकूला के सेक्टर 27 की है, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक परिवार देहरादून के रहने वाले थे और पंचकूला में आयोजित बागेश्वर धाम की हनुमंत कथा में भाग लेने आए थे। कार्यक्रम के बाद देहरादून लौटते समय, परिवार ने सड़क पर खड़ी एक गाड़ी में जहर खाकर आत्महत्या कर ली। गाड़ी में मृत पाए गए लोगों की पहचान 42 वर्षीय प्रवीण मित्तल, उनके माता-पिता, पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है, जिसमें कर्ज और आर्थिक तंगी को आत्महत्या की वजह बताया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पंचकूला की डीसीपी हिमाद्री कौशिक और डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर अमित दहिया मौके पर पहुंचे। डीसीपी हिमाद्री कौशिक ने कहा, “हमें सूचना मिली थी कि छह लोगों को ओजस अस्पताल लाया गया है और सभी मृत हैं। एक अन्य व्यक्ति को सिविल अस्पताल लाया गया, जहां उसे भी मृत घोषित कर दिया गया। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है और जांच जारी है।”
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा लिए हैं। सभी शव पंचकूला के निजी अस्पतालों के शव गृह में रखवाए गए हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि परिवार ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया।
स्थानीय लोगों में शोक और सवाल
इस सामूहिक आत्महत्या की घटना ने इलाके के लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर ऐसा कौन-सा दबाव या हालात रहे होंगे कि पूरे परिवार को जान देने जैसा फैसला लेना पड़ा। पुलिस ने परिवार की आर्थिक स्थिति और अन्य पहलुओं की भी जांच शुरू कर दी है।
आर्थिक तंगी से आत्महत्या – सामाजिक चिंता
यह घटना एक बार फिर आर्थिक तंगी और कर्ज के बोझ से जुड़े सामाजिक संकट को उजागर करती है। विशेषज्ञ मानते हैं कि ऐसे मामलों में समय रहते उचित मदद और काउंसलिंग की व्यवस्था की जाए, तो शायद इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को टाला जा सकता है।
NGV PRAKASH NEWS

