बिजली विभाग की लापरवाही के चलते दो सगे भाइयों की हुई दर्दनाक मौत

Gyan Prakash Dubey

बिजली विभाग की घोर लापरवाही ने ली दो सगे भाइयों की जान, गांव में पसरा मातम

बस्ती 10 जून 25.
नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत खुटहन ग्राम में मंगलवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बिजली विभाग की घोर लापरवाही के चलते दो सगे भाइयों की हाईटेंशन तार की चपेट में आकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

नीचे लटका हाई टेंशन तार बना कॉल

मृतकों की पहचान शशि भूषण यादव (25) और विश्ववल्लभ यादव (23) पुत्र घनश्याम यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों भाई खेत में आवश्यक कार्य के लिए लोहे की सीढ़ी लेकर घर से निकले थे, लेकिन अचानक वह सीढ़ी 11 हजार वोल्टेज की हाईटेंशन लाइन से टकरा गई। बिजली का करंट लगते ही दोनों भाई झुलसकर गिर पड़े।

परिजन और ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि घर के सामने मात्र 10 फीट की ऊंचाई पर हाईटेंशन तार झूल रहा था, जिसकी शिकायत कई बार की गई थी लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।

👉घटना स्थल पर पहुंचे समाजसेवी व पूर्व ब्लाक प्रमुख राणा दिनेश प्रताप सिंह ने भी बिजली विभाग को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा,

“बिजली विभाग द्वारा कार्यों में घोर लापरवाही बरती जा रही है, जिसके कारण दो सगे भाइयों की जान चली गई। यह हादसा केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे प्रशासनिक तंत्र की जिम्मेदारी की पोल खोलता है।”

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने स्थिति को संभालते हुए ग्रामीणों को समझाकर जाम हटवाया।

ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए दोषियों पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच के संकेत दिए गए हैं।

⚠️ यह हादसा सवाल खड़ा करता है कि कब तक विभागीय लापरवाही ऐसी जानलेवा घटनाओं को जन्म देती रहेगी? क्या अब भी कोई सुध लेगा?

👉 यहां बताते चलें कि बिजली द्वारा कराए जा रहे कार्यों की रफ्तार इतनी धीमी है कि जो कार्य जनवरी 25 तक पूरा हो जाना चाहिए था वह अभी भी पूरा नहीं हुआ है | NGV PRAKASH NEWS द्वारा कई बार जर्जर विद्युत लाइन, पोल के बारे में लिखा गया परंतु बिजली विभाग के अधिकारियों ने इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया | जिसका नतीजा है कि दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई|

📍 NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *