
सांप और जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया की ‘जानी दुश्मनी’, तीसरी बार डसा फिर भी नेताजी सुरक्षित, सांप की मौत
NGV PRAKASH NEWS | 22 जून 2025
मिर्जापुर। फिल्मों में आपने अक्सर देखा होगा कि सांप किसी की जान का दुश्मन बन जाए और बार-बार डंस कर बदला लेने की कोशिश करे। लेकिन मिर्जापुर में यह किस्सा हकीकत बन गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया और सांप के बीच ऐसी ही जानी दुश्मनी का माहौल बन गया है, जिसने इलाके के लोगों को हैरत में डाल दिया है।
दरअसल, वाराणसी स्थित आवास पर गुरुवार देर रात राजू कनौजिया को एक बार फिर सांप ने डंस लिया। यह तीसरी बार है जब सांप ने उन पर हमला किया। हैरानी की बात यह रही कि इस बार भी राजू कनौजिया पूरी तरह सुरक्षित रहे, जबकि सांप की मौके पर ही मौत हो गई। इससे पहले भी दो बार ऐसा हो चुका है—पिछले साल और तीन साल पहले सांप ने नेताजी को डंसा था लेकिन दोनों बार वे बाल-बाल बच निकले थे।
राजू कनौजिया का कहना है, “यह प्रभु की कृपा है कि मैं सुरक्षित हूं। मुझे किसी प्रकार की दिक्कत नहीं है। मैं पूरी तरह स्वस्थ हूं और जनसेवा में जुटा हूं। आने वाले समय में भी जनता की सेवा करता रहूंगा।”
इलाके में अब यह चर्चा का विषय बन गया है कि आखिर सांप और राजू कनौजिया की यह अनोखी दुश्मनी कब खत्म होगी। कुछ लोग इसे महज संयोग मानते हैं, तो कुछ इसे अजीब कुदरती घटना बता रहे हैं।
डॉक्टरों की सलाह
मंडलीय अस्पताल मिर्जापुर के विष विशेषज्ञ डॉ. सुनील कुमार सिंह ने इस पूरे मामले पर कहा, “सांप के काटने की घटना को लेकर लोग झाड़-फूंक या अंधविश्वास में न फंसे। सांप के काटने पर तत्काल अस्पताल आएं। यहां इसकी पूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध है। तनिक भी देरी जानलेवा साबित हो सकती है।”
फिलहाल राजू कनौजिया की यह कहानी क्षेत्र में कौतुहल और चर्चा का विषय बनी हुई है। जहां लोग नेताजी की हिम्मत और किस्मत की दाद दे रहे हैं, वहीं यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर नेताजी पर सांप बार-बार ही क्यों फन उठाता है?
NGV PRAKASH NEWS

