शादी का झांसा और अश्लील वीडियो बनाकर सिपाही करता रहा दुष्कर्म..


: यूपी पुलिस सिपाही पर रेप, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी का आरोप, पीड़िता ने थाने में आत्मदाह की दी धमकी
NGV PRAKASH NEWS | 22 जून 2025

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक बेहद सनसनीखेज और शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। जिले के छपरौली थाना क्षेत्र की एक महिला ने यूपी पुलिस के सिपाही पर रेप, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग और शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक शोषण करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने थाने के सामने अपने मासूम बच्चों के साथ आत्मदाह की चेतावनी देकर मामले को और भी संवेदनशील बना दिया है।

जानकारी के मुताबिक, महिला का आरोप है कि सिपाही सुशील, जो वर्तमान में सहारनपुर में तैनात है, ने पहले उससे दोस्ती की और फिर शादी का झांसा देकर 18 महीने तक 20 से ज्यादा बार रेप किया। इस दौरान आरोपी सिपाही ने महिला की अश्लील तस्वीरें और वीडियो भी बना लिए, जिनका सहारा लेकर वह उसे ब्लैकमेल करता रहा और शारीरिक शोषण करता रहा।

पीड़िता का यह भी दावा है कि आरोपी सिपाही ने उसे उसके पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने के लिए उकसाया और फिर इसी बहाने उसे थाने बुलाकर जबरदस्ती करता रहा। जब महिला ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी सिपाही ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी और अब कथित तौर पर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है। पीड़िता का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह बच्चों के साथ थाने में आत्मदाह करने की बात कह रही है।

इस पूरे मामले पर बागपत पुलिस के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) एनपी सिंह ने बताया कि आरोपी सिपाही सहारनपुर में तैनात है और सहारनपुर पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर जल्द उचित कार्रवाई की जाएगी। आत्मदाह की धमकी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस दोनों पक्षों में बातचीत कराकर समाधान निकालने की कोशिश कर रही है।

फिलहाल इस घटना से पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली और आचरण पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। क्या पीड़िता को इंसाफ मिलेगा या यह मामला भी लंबी जांच की भूलभुलैया में उलझकर रह जाएगा, यह देखने वाली बात होगी।

NGV PRAKASH NEWS


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *