
उत्तर भारत में मानसून की दस्तक: कई राज्यों में बारिश से राहत, अलर्ट जारी, कुछ इलाकों में आफत बनी वर्षा
NGV PRAKASH NEWS | 22 जून 2025
नई दिल्ली। उत्तर भारत में मानसून की सक्रियता के साथ गर्मी से जूझ रही जनता को बड़ी राहत मिलनी शुरू हो गई है। राजधानी दिल्ली-एनसीआर में शनिवार शाम हल्की बारिश हुई, जिससे अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री नीचे गिरकर 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में दिल्ली में मानसून पूरी तरह दस्तक दे सकता है।
👉दिल्ली समेत कई राज्यों में अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार के लिए दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में मध्यम से भारी वर्षा का यलो और आरेंज अलर्ट जारी किया है।
👉उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश से राहत और आफत दोनों
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। पिथौरागढ़ जिले में मुनस्यारी-मिलम हाईवे पर चट्टानें गिरने से रास्ता अवरुद्ध हो गया है। वहीं रुद्रप्रयाग में गौरीकुंड के पास भूस्खलन के कारण चार घंटे यातायात बाधित रहा। देहरादून और नैनीताल में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी के साथ आरेंज अलर्ट जारी है।
हिमाचल में कांगड़ा जिले में बीते 24 घंटों में 87.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। लाहुल घाटी में जाहलमा नाले में आई बाढ़ से नुकसान हुआ है, जबकि किन्नौर में रंगरीक खड्ड का पानी और मलबा मंदिर और खेतों में घुस गया। पहाड़ों पर ग्लेशियर पिघलने से यह हालात बने हैं।
👉राजस्थान में बारिश बनी आफत, पांच की मौत
राजस्थान में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जोधपुर में तेज बारिश के दौरान एक कार फिसल कर नाले में गिर गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान में अगले पांच दिन अति भारी बारिश की चेतावनी दी है।
👉जम्मू-कश्मीर में मिला-जुला असर
जम्मू में बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, जबकि कश्मीर में तापमान बढ़ा हुआ है। श्रीनगर में रात का न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री दर्ज हुआ, जो 35 साल में चौथी बार इतना ज्यादा रहा। मौसम विभाग ने 27 जून तक हल्की बारिश की संभावना जताई है।
👉पंजाब में आज पहुंचेगा मानसून
पंजाब में रविवार को मानसून के आगमन की संभावना जताई गई है। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने भारी बारिश को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया है। शनिवार को पठानकोट, अमृतसर, चंडीगढ़ और रोपड़ में हल्की वर्षा दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई है।
फिलहाल उत्तर भारत के कई राज्यों में मानसून के सक्रिय होते ही जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं कई जगह बारिश आफत भी बनती दिख रही है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
NGV PRAKASH NEWS

