




Gyan Prakash Dubey
बस्ती: वृक्षारोपण अभियान में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी, पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश
दिनांक: 09 जुलाई 2025
बस्ती जिले के ऐतिहासिक अमहट घाट पर राज्य मंत्री, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग उत्तर प्रदेश, दानिश आजाद अंसारी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विवेका नन्द मिश्र, विधायक हर्रैया अजय सिंह, जिलाधिकारी रवीश गुप्ता, प्रभागीय वनाधिकारी डा. शिरीन सिद्दीकी, नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा, समाजवादी पार्टी के कप्तानगंज से विधायक कविंद्र चौधरी उर्फ अतुल चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी वृक्षारोपण में सहभागिता की।
राज्य मंत्री ने अपील की कि जिले के नागरिक अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी नियमित देखभाल करें। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को हरियाली से आच्छादित प्रदेश बनाने की दिशा में सरकार संकल्पित है। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में 37 करोड़ और जनपद बस्ती में 40 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित है। मंत्री ने कहा कि आज हम जिन पेड़ों की छाया में बैठते हैं, वे हमारे पूर्वजों की देन हैं और हम जो पौधे लगाएंगे, उनका लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा।
विधायक हर्रैया अजय सिंह ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिकता न रह जाए, इसके लिए हम सभी को यह अभियान गंभीरता से लेना होगा। उन्होंने वन विभाग से आग्रह किया कि किसानों को फलदार वृक्ष दिए जाएं और पीपल, बरगद, नीम जैसे पौधे अधिक संख्या में लगाए जाएं ताकि शुद्ध ऑक्सीजन मिल सके।
समाजवादी पार्टी के कप्तानगंज से विधायक कविंद्र चौधरी उर्फ अतुल चौधरी ने भी अमहट घाट पर पौधारोपण करते हुए कहा कि यह अभियान केवल पर्यावरण का नहीं, बल्कि जीवन की रक्षा का अभियान है। उन्होंने आम जनता से इसमें भागीदारी की अपील की और कहा कि यह हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है।
जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने वृक्षारोपण को पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की दिशा में एक आवश्यक कदम बताया। उन्होंने जनसामान्य से अनुरोध किया कि वे पौधों की रक्षा करें और भावी पीढ़ी को एक स्वच्छ और हरित वातावरण देने में योगदान दें।
उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी की निदेशक नीना शर्मा ने भी जिले का भ्रमण कर वृक्षारोपण अभियान में भाग लिया। उन्होंने विक्रमजोत के मल्हनी ग्राम और बस्ती सदर के अमहट घाट व भोपालपुर में पौधे लगाए और वन विभाग के कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष जलवायु संकट से निपटने का सबसे मजबूत समाधान हैं और इनसे जल, मिट्टी और जैव विविधता का संरक्षण संभव है।
मंडलायुक्त अखिलेश सिंह ने अपनी धर्मपत्नी निशा सिंह के साथ आयुक्त कार्यालय परिसर में आम का पौधा रोपित कर अभियान की सफलता की कामना की। उन्होंने कहा कि हरियाली ही भविष्य की सुरक्षा है और सभी को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। इस अवसर पर अपर आयुक्त प्रशासन मनोज कुमार तिवारी, अपर आयुक्त न्यायिक सुरेन्द्र प्रसाद यादव, संयुक्त विकास आयुक्त कमलाकान्त पाण्डेय, उप निदेशक पंचायत समरजीत यादव, वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कृषि विज्ञान केंद्र बस्ती का दौरा कर “एक पौधा मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया। उन्होंने केंद्र की विविध गतिविधियों जैसे काला नमक धान की प्रजातियां, बकरी पालन, मुर्गी पालन, वर्मी कंपोस्ट, फल पौधशाला आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिकों को चाहिए कि वे किसानों तक इन तकनीकों को पहुंचाएं और अधिक उत्पादन व आय की दिशा में कार्य करें।
उन्होंने वैज्ञानिकों से यह भी कहा कि काला नमक धान, मूंगफली, तिल, अरहर आदि की खेती को बढ़ावा दें और बीज उत्पादन के लिए कार्य करें। उन्होंने किसानों को फलदार पौधे वितरित किए और महिला कृषकों के साथ संवाद भी किया। इस दौरान कृषि विभाग के अधिकारी, केंद्र के वैज्ञानिक, कर्मचारी और प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।
इसी क्रम में डीआईजी बस्ती संजीव त्यागी और अपर जिलाधिकारी तेजपाल सिंह चौहान ने भी वृक्षारोपण किया और पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में अपने दायित्व का निर्वहन किया।
NGV PRAKASH NEWS

