Gyan Prakash Dubey


भदेश्वरनाथ में श्रावण शिवरात्रि-कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन सतर्क, अधिकारियों ने किया कांवड़ मार्ग का निरीक्षण
बस्ती, 22 जुलाई 2025 | NGV PRAKASH NEWS
श्रावण शिवरात्रि और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर बस्ती जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। जनपद में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और यात्रा मार्गों पर लगातार आवागमन को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी मौके पर रहकर कानून-व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह द्वारा लगातार कांवड़ यात्रा मार्गों पर भ्रमण कर पुलिस व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की बारीकी से निगरानी की जा रही है। वहीं, अपर जिलाधिकारी प्रितपाल सिंह चौहान द्वारा प्रशासनिक स्तर पर समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं, जिससे संबंधित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी समय रहते तैयारियों को अमलीजामा पहना सकें।
इसी क्रम में 22 जुलाई 2025 को अपर पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रितपाल सिंह चौहान, क्षेत्राधिकारी कलवारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी तथा प्रशिक्षु क्षेत्राधिकारी, पुलिस बल के साथ कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण करने पहुंचे। अधिकारियों ने फुटहिया और अमहट घाट का भ्रमण किया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने यात्रा मार्ग की यातायात व्यवस्था, रूट डायवर्जन, सुरक्षा प्रबंधन, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी और भीड़ नियंत्रण जैसी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसी भी स्थिति में यातायात बाधित न हो, श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए हर वक्त सतर्क रहें।
प्रशासन का यह सक्रिय रुख यह दर्शाता है कि श्रावण शिवरात्रि और कांवड़ यात्रा को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी मशीनरी अलर्ट मोड में है।
NGV PRAKASH NEWS
