

लखनऊ में एसपी की पत्नी की संदिग्ध आत्महत्या, पुलिस महकमे में सनसनी
लखनऊ। राजधानी लखनऊ से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। CBCID में तैनात एसपी मुकेश प्रताप सिंह की पत्नी नितेश सिंह (38) ने पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पुलिस विभाग में सनसनी फैल गई है।
घटना बुधवार शाम की है, जब पुलिस लाइन स्थित ट्रांजिट हॉस्टल में रहने वाले दंपति के घर से चीख-पुकार सुनाई दी। दरअसल, घर में मौजूद 12 वर्षीय बेटी अनन्या ने अपनी मां को फंदे पर लटका देखा और घबराकर तुरंत अपने पिता को सूचना दी।
परिवार में चल रहा था विवाद
नितेश के भाई प्रमोद कुमार, जो फिरोजाबाद के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हैं, ने एसपी मुकेश प्रताप सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मुकेश की एक महिला से नजदीकियां थीं, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि पति की प्रताड़ना से तंग आकर नितेश ने यह कदम उठाया।
जानकारी के अनुसार, नितेश सात महीने से मायके में रह रही थीं और हाल ही में ही लखनऊ लौटी थीं। प्रमोद ने यह भी कहा कि मुकेश ने घर में हर जगह सीसीटीवी कैमरे लगाकर नितेश की निगरानी रखी थी, जिससे उनका तनाव बढ़ता जा रहा था।
घटना सीसीटीवी में कैद
डीसीपी आशीष कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, शाम करीब 4 बजे सूचना मिली कि पुलिस लाइन में एक अधिकारी की पत्नी ने आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी।
एडीसीपी ममता रानी ने बताया कि नितेश डिप्रेशन में थीं और काफी समय से उनका इलाज चल रहा था। सीसीटीवी फुटेज में नितेश को फंदा लगाते हुए देखा गया है।
हाल ही में लखनऊ में शिफ्ट हुए थे दंपति
एसपी मुकेश प्रताप सिंह हाल ही में बरेली से ट्रांसफर होकर लखनऊ आए थे। पुलिस लाइन में सरकारी आवास उन्हें करीब दस दिन पहले ही मिला था। नितेश की मौत के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर है।
फिलहाल पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों की गहराई से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
NGV PRAKASH NEWS
