PET परीक्षा: प्रशासन रहा मुस्तैद

Gyan Prakash Dubey


बस्ती: PET 2025 परीक्षा केंद्रों का डीएम,एसपी और एडिशनल एसपीने किया निरीक्षण, नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा कराने के निर्देश

बस्ती, 06 सितम्बर 2025।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2025 का आयोजन बस्ती जिले में 6 और 7 सितम्बर को किया जा रहा है। परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सख्त व्यवस्थाएं की हैं।

शनिवार को जिलाधिकारी रवीश गुप्ता और पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर मौजूद व्यवस्थाओं—साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की समुचित व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंध का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि आयोग की गाइडलाइंस का हर हाल में पालन होना चाहिए। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, घड़ी या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लाने की अनुमति नहीं है। केवल प्रवेश पत्र और लेखन सामग्री के साथ ही उन्हें परीक्षा देने की इजाजत दी जाएगी।

सुरक्षा को लेकर सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है और एक केंद्रीय कंट्रोल रूम से सभी परीक्षा केंद्रों पर गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने केंद्र व्यवस्थापकों व कर्मचारियों से कहा कि वे सतर्कता बरतें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न होने दें। पुलिस अधीक्षक ने भरोसा दिलाया कि परीक्षा के दौरान किसी भी गड़बड़ी या नकल की संभावना को समाप्त करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।

इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने भी प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान कई केंद्रों का दौरा किया और व्यवस्थाओं की जांच की। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा निष्पक्ष और शांति पूर्ण तरीके से संपन्न कराई जाए।

दोपहर की द्वितीय पाली में अपर जिलाधिकारी प्रति पाल सिंह चौहान और अपर पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने मिलकर अन्य केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के भीतर और बाहर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और परीक्षार्थियों की सुविधाओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने कहा कि सभी परीक्षार्थियों को निष्पक्ष वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिले, इसके लिए कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी भी लगातार भ्रमण करते दिखे |

जिले में दो दिनों तक चल रही PET परीक्षा को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की तैयारियां अभूतपूर्व मानी जा रही हैं।

NGV PRAKASH NEWS


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *