दरोगा की दबंगई : पंडाल तोड़ा फिर जड़े थप्पड़

NGV PRAKASH NEWS

गोरखपुर,
20 सितंबर 2025।

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में चौकी इंचार्ज नवीन कुमार राय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में चौकी इंचार्ज को दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष पर थप्पड़ बरसाते और गालियां देते हुए देखा जा सकता है। इतना ही नहीं, आरोप है कि उन्होंने नवरात्र के मौके पर स्थापित किए जाने वाले दुर्गा प्रतिमा पंडाल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

समिति के सदस्यों ने इस घटना को हिंदू आस्था पर सीधा प्रहार बताया है। उनका कहना है कि सिंघड़िया इलाके में श्री-श्री दुर्गा पूजा युवा गोल्डेन छात्र समिति पिछले 18 वर्षों से प्रतिमा स्थापना के लिए पंडाल बनाती आ रही है, लेकिन कभी कोई विवाद सामने नहीं आया। समिति के अध्यक्ष नीतीश और अन्य सदस्यों का आरोप है कि शुक्रवार देर रात करीब 1 बजे इंजीनियरिंग कॉलेज चौकी इंचार्ज नवीन कुमार राय वहां पहुंचे और बिना किसी कारण पंडाल को नुकसान पहुंचाया। जब समिति के अध्यक्ष ने आपत्ति जताई तो उन्होंने थप्पड़ जड़ा, गालियां दीं और मोबाइल फोन भी तोड़ दिया।

समिति के सदस्य अमरनाथ निषाद ने कहा कि हमारी परंपरा हमेशा शांतिपूर्ण रही है। लक्ष्मी पूजा, गणेश पूजा और दुर्गा पूजा के दौरान पंडाल नियमित रूप से बनाए जाते रहे हैं और कभी कोई रुकावट नहीं हुई। पंडाल सड़क पर दो फीट से अधिक नहीं बढ़ा है, यह कोई भी अधिकारी आकर देख सकता है। लेकिन चौकी इंचार्ज ने जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।

इस घटना के बाद समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि चौकी इंचार्ज नवीन कुमार राय को तुरंत माफी मांगनी चाहिए और प्रदेश सरकार को उन्हें बर्खास्त करना चाहिए। फिलहाल यह मामला गोरखपुर पुलिस प्रशासन के लिए बड़ा सिरदर्द बन गया है और हिंदू संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो विरोध प्रदर्शन तेज होगा।

📌 NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *