NGV PRAKASH NEWS

आजमगढ़ में डबल मर्डर से सनसनी: ट्यूबवेल पर दादा का गला काटा, घर में घुसकर पोते की कुल्हाड़ी से हत्या, जमीन विवाद की आशंका
आजमगढ़, 11 जुलाई 2026।
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में एक ही परिवार के दो लोगों की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पवई थाना क्षेत्र के हेवती डिहवा गांव में गुरुवार देर रात बदमाशों ने पहले ट्यूबवेल पर सो रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग की गला काटकर हत्या कर दी, फिर कुछ ही मिनटों बाद उनके घर पहुंचकर बरामदे में सो रहे 25 वर्षीय पोते की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के पीछे पुरानी जमीन रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार देर रात करीब 1:30 बजे बदमाश सबसे पहले गांव के बाहर ट्यूबवेल पर सो रहे जगदंबा प्रसाद यादव (70) के पास पहुंचे और कुल्हाड़ी से उनका गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी करीब 400 मीटर दूर स्थित उनके घर पहुंचे, जहां बरामदे में सो रहे उनके पोते श्रीवांशु यादव उर्फ अंकित (25) पर कुल्हाड़ी से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल अंकित को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दादी की आहट से खुला हत्या का राज
बताया गया कि अंकित के पास उसकी दादी फूलकुमारी भी सो रही थीं। देर रात कुछ आहट सुनाई देने पर उन्होंने अंकित को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने घर के अन्य सदस्यों को जगाया। बाहर निकलने पर अंकित खून से लथपथ पड़ा मिला।
अस्पताल से लौटने के बाद परिजन जब ट्यूबवेल पर सो रहे जगदंबा प्रसाद यादव को बुलाने पहुंचे तो वहां उनका शव खून से लथपथ पड़ा मिला। दोनों हत्याओं की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
गन्ने के खेत से बरामद हुई हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी
सूचना मिलते ही ग्रामीण पुलिस अधीक्षक चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरण पाल सिंह, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान घर से करीब 100 मीटर दूर गन्ने के खेत से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई।
दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था अंकित
मृतक अंकित के भाई शिव कुमार यादव ने आरोप लगाया कि परिवार का पड़ोसियों से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। उनका कहना है कि इसी रंजिश में दादा और भाई की हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि अंकित दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और लगभग तीन महीने पहले ही गांव लौटा था।
कई टीमें गठित, हर पहलू से जांच
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस जमीन विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
NGV PRAKASH NEWS