1 दिन की थानाध्यक्ष परशुरामपुर बनी पल्लवी..

Gyan Prakash Dubey


बस्ती, 27 सितंबर 2025।

उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सशक्तिकरण की दिशा में शनिवार को एक अनूठी पहल की गई। जनपद बस्ती के थाना परसरामपुर में कक्षा आठ की छात्रा पल्लवी, पुत्री लालबाबू, निवासी ग्राम नेवादा को एक दिन के लिए थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।

इस अवसर पर छात्रा पल्लवी ने थाना परिसर का निरीक्षण किया, आने वाले फरियादियों की शिकायतें सुनीं और उन्हें त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने विशेष रूप से महिला अपराधों और उनसे जुड़ी हेल्पलाइन सेवाओं जैसे 1090, 112, 1076, 108 और 102 के बारे में जानकारी लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य सिर्फ जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि बालिकाओं को यह विश्वास दिलाना है कि वे समाज के हर क्षेत्र में नेतृत्व कर सकती हैं। पल्लवी ने जिस गंभीरता और उत्साह से जिम्मेदारी निभाई, वह अन्य बालिकाओं के लिए प्रेरणादायक है।

एक दिन की थानाध्यक्ष बनी छात्रा पल्लवी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी बहुत बड़ी होती है। इस अवसर ने उन्हें कानून-व्यवस्था को करीब से समझने का मौका दिया और वे गर्व महसूस करती हैं कि उन्हें मिशन शक्ति अभियान का हिस्सा बनने का अवसर मिला।

यह कार्यक्रम स्पष्ट करता है कि अवसर मिलने पर बालिकाएं समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

NGV PRAKASH NEWS


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *