NGV PRAKASH NEWS


कलयुगी पिता की हैवानियत: नाबालिग बेटी और नवजात की हत्या कर नदी किनारे गाड़ा शव, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा
गढ़वा (झारखंड), 07 अक्टूबर 2025
झारखंड के गढ़वा जिले से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। मेराल थाना क्षेत्र के औरैया गांव में एक कलयुगी पिता ने बदनामी के डर से अपनी नाबालिग बेटी और उसके नवजात बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी और शवों को नदी किनारे दफना दिया। वारदात के खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और दोनों शवों को पोस्टमार्ट्म के लिए भेज दिया गया है।
बेटी के प्रेमी को पहले ही भेजा था जेल
आरोपी की पहचान औरैया गांव निवासी अनिल चौधरी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, अनिल की नाबालिग बेटी ने 2 अक्टूबर को एक बच्चे को जन्म दिया था। इस पर अनिल को अपनी “इज्जत” और बदनामी का डर सताने लगा। इससे पहले ही उसने अपनी बेटी के प्रेमी पर बहला-फुसलाकर शारीरिक शोषण का आरोप लगाकर उसे जेल भिजवा दिया था। बेटी से भी गवाही दिलवाई गई थी ताकि प्रेमी को हमेशा के लिए दूर किया जा सके।
जन्म के अगले ही दिन की गई हत्या
2 अक्टूबर को बच्चा पैदा हुआ और 3 अक्टूबर को अनिल ने अपनी बेटी और एक दिन के नवजात को मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद उसने दोनों के शवों को औरैया नदी के किनारे दफना दिया ताकि कोई सबूत न बचे। इस बीच, जेल से हाल ही में छूटा बेटी का प्रेमी अनिल की साजिश से वाकिफ हो गया। उसने मेराल थाना को पत्र लिखकर त्वरित कार्रवाई की मांग की।
आरोपी पिता ने कबूला जुर्म
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ अनिल के घर पहुंचे। वहां बेटी और नवजात के न मिलने पर सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ में अनिल टूट गया और उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने नदी किनारे खुदाई कर दोनों शवों को बरामद किया। मौके पर मेराल अंचलाधिकारी यशवंत नायक बतौर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।
पुलिस ने आरोपी अनिल चौधरी के खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस निर्मम घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश और स्तब्धता का माहौल है।
📝 NGV PRAKASH NEWS
