NGV PRAKASH NEWS


रांची में दरिंदगी: चचेरे भाई ने बुलाया, दोस्तों के साथ मिलकर युवती से किया सामूहिक दुष्कर्म
8 अक्टूबर 2025, रांची
रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। एक युवती ने अपने ही चचेरे भाई और उसके साथियों पर सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने तमाड़ थाना में लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जानकारी दी है।
युवती के अनुसार, 30 सितंबर की शाम लगभग सात बजे उसका चचेरा भाई उसे मेला दिखाने के बहाने मारधान मोड़ बुलाया। वहां पहले से उसका साथी मनोज पुराण मौजूद था। दोनों ने मिलकर योजना के तहत युवती को एक बाइक पर बैठाया। मनोज ने उसके मुंह पर कपड़ा ठूंस दिया और उसे जबरन सोना डुंगरी इलाके में ले गए। वहां पहुंचने के बाद फोन कर दो अन्य लड़कों को बुलाया गया। इसके बाद चारों आरोपियों ने मिलकर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने बताया कि घटना के तीन से चार घंटे बाद उसे बुंडू लाया गया और फिर दूसरी बाइक से रांची शहर ले जाया गया। यहां एक कमरे में पहले से एक व्यक्ति मौजूद था। डर के कारण वह कुछ भी कह नहीं पाई और पूरी रात वहीं उसके साथ रहने को मजबूर रही। अगले दिन सुबह उसे रांची से वापस मारधान मोड़ पर छोड़ दिया गया।
पीड़िता ने अपने बयान में दो आरोपियों की पहचान राहुल महतो और समीर महतो के रूप में की है, जो तमाड़ थाना क्षेत्र के चिरूडीह गांव के निवासी हैं। बाकी आरोपियों में उसका चचेरा भाई और मनोज पुराण शामिल हैं।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। इस शर्मनाक घटना ने इलाके में आक्रोश फैला दिया है और लोग कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
(NGV PRAKASH NEWS)
