

Gyan Prakash Dubey
त्योहारों की मिठास में घुली मिलावट — 400 किलो खोया और बर्फी जब्त
बस्ती,
दीपावली नज़दीक आते ही बाजारों में मिठाइयों की खरीद-बिक्री तेज़ हो गई है। इसी बीच बस्ती जिले में खाद्य विभाग की टीम ने मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को जिले के विभिन्न इलाकों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान टीम ने 406 किलो खोया और 40 किलो डोडा बर्फी जब्त की, जिनकी गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर ही नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए। वहीं, जब्त की गई बाकी मिठाइयों को विभागीय निगरानी में गड्ढे में दबाकर नष्ट करा दिया गया, ताकि इन्हें दोबारा बिक्री में न लाया जा सके।
अधिकारियों ने मिठाई विक्रेताओं को सख्त चेतावनी दी कि यदि निर्माण या बिक्री में मिलावट या अस्वच्छ माहौल पाया गया तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया है। कई दुकानदारों ने तुरंत अपनी दुकानों की सफाई और मिठाइयों की गुणवत्ता की जांच शुरू कर दी। वहीं, आम लोगों में राहत की भावना देखने को मिली है कि प्रशासन त्योहारों के समय उनकी सेहत के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगा।
NGV PRAKASH NEWS




