पुलिस चौकी पर बनाया वीडियो -किया वायरल, अब मांग रही माफी..

NGV PRAKASH NEWS


बस्ती में चौकी पर रील बनाना पड़ा भारी — वायरल के बाद युवती ने जोड़े हाथ, बोली “मुझसे गलती हो गई”

बस्ती, 28 अक्टूबर 2025।
जनपद बस्ती के बड़ेवन चौकी परिसर में रील बनाना एक युवती को भारी पड़ गया। फिल्मी अंदाज में वीडियो शूट कर सोशल मीडिया पर अपलोड करने के बाद जब वह वायरल हुआ तो पुलिस हरकत में आ गई। अब वही युवती हाथ जोड़कर माफी मांगती नजर आ रही है।

वायरल वीडियो में युवती बड़ेवन चौकी के बाहर अभिनय करती दिखाई दे रही थी। इस समय चौकी प्रभारी पहुंचते हैं और उसे ऐसा करने से मना करते हैं उसके बाद भी युवती द्वारा वीडियो वायरल कर दिया जाता है।

बताया जा रहा है कि युवती ने वीडियो शूट करने के लिए न तो अनुमति ली थी और न ही यह समझा कि पुलिस परिसर में ऐसा करना नियमों का उल्लंघन है।

वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ते दबाव को देखते हुए युवती ने सोशल मीडिया पर एक माफी वीडियो जारी किया, जिसमें उसने कहा —

“मुझे जानकारी नहीं थी कि चौकी या थाने के सामने वीडियो बनाना अपराध है। इसके लिए मैं माफी मांगती हूं और आगे से ऐसी गलती नहीं करूंगी।”

पुलिस विभाग ने इस प्रकरण को गंभीरता से लिया है। अधिकारियों के अनुसार, किसी भी सरकारी या सुरक्षा परिसर में बिना अनुमति वीडियोग्राफी करना विधिक रूप से दंडनीय अपराध है।

यह घटना सिर्फ एक रील या माफी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सोशल मीडिया पर बढ़ती ‘वायरल संस्कृति’ पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। आज की युवा पीढ़ी “फॉलोअर्स” और “लाइक” के लालच में कई बार कानून और मर्यादा की सीमाएं लांघ जाती है।

विशेषज्ञों का कहना है कि यह सिर्फ एक चेतावनी नहीं बल्कि सबक है कि “लाइट, कैमरा, एक्शन” के इस दौर में जब कैमरा कानून की चौखट पर पहुंच जाए, तो फ्रेम नहीं बल्कि सजा मिलती है।

फिलहाल युवती के माफी मांगने के बाद मामला शांत है, पर पुलिस ने संकेत दिया है कि भविष्य में इस तरह की किसी भी घटना पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

— NGV PRAKASH NEWS


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *