Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

पूर्वांचल के मालवीय स्व. पं. सूर्य नारायण चतुर्वेदी की आठवीं पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब
चतुर्वेदी विला में भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा, दलीय सीमाएं टूटीं, हजारों लोगों ने दी श्रद्धांजलि
संतकबीरनगर, 3 अक्टूबर 2026.
बस्ती मंडल में आधुनिक, रोजगारपरक एवं तकनीकी शिक्षा के साथ स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्व. पं. सूर्य नारायण चतुर्वेदी की आठवीं पुण्यतिथि शनिवार को उनके पैतृक गांव भिटहा स्थित चतुर्वेदी विला परिसर में भावपूर्ण वातावरण में मनाई गई। उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए पूर्वांचल के विभिन्न क्षेत्रों से सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों का हुजूम उमड़ा। श्रद्धांजलि सभा में लोगों की नम आंखें और चेहरों पर श्रद्धा, सम्मान एवं विरह के मिले-जुले भाव स्व. चतुर्वेदी के व्यक्तित्व और कृतित्व की गहराई को बयां कर रहे थे।
इस अवसर पर सूर्या सीनियर सेकेंड्री स्कूल खलीलाबाद एवं एसआर इंटरनेशनल एकेडमी नाथनगर के छात्र-छात्राओं ने भी शैक्षणिक जगत की इस महान विभूति को श्रद्धापूर्वक नमन किया। श्रद्धांजलि सभा में दलीय सीमाएं भी टूटती नजर आईं। भाजपा और सपा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं ने एक मंच पर पहुंचकर स्व. चतुर्वेदी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
परिवार ने नम आंखों से किया स्मरण
जब चतुर्वेदी परिवार श्रद्धांजलि देने के लिए स्व. पं. सूर्य नारायण चतुर्वेदी के चित्र के सामने पहुंचा तो पूरा परिवार भावुक हो उठा। बड़े भाई गोमती प्रसाद चतुर्वेदी सपत्नीक श्रद्धांजलि देते समय अपने अनुज के चित्र को एकटक निहारते दिखाई दिए। कुछ क्षणों के लिए चतुर्वेदी विला का विशाल और खचाखच भरा परिसर गम और सन्नाटे में डूब गया।
सुंदरकांड के अमृत आयोजन की समाप्ति के बाद श्रद्धांजलि कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। चतुर्वेदी विला की मुखिया चंद्रावती देवी, पूर्व सदर विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे, सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी, एसआर ग्रुप के चेयरमैन राकेश चतुर्वेदी, पं. जनार्दन चतुर्वेदी, रत्नेश चतुर्वेदी सहित परिवार के सदस्यों ने स्व. चतुर्वेदी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
परिवार की बहुएं सविता चतुर्वेदी और शिखा चतुर्वेदी सहित दिव्येश चतुर्वेदी, अखंड प्रताप चतुर्वेदी, राजन चतुर्वेदी, रजत चतुर्वेदी एवं आयुष्मान चतुर्वेदी भी नम आंखों से अपने दिवंगत परिजन को याद करते हुए भावुक दिखाई दिए।
गरीबों में बांटे अंगवस्त्र और नकद राशि
पुण्यतिथि के अवसर पर सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी और राकेश चतुर्वेदी ने परिवार के युवराजों अखंड, राजन एवं रजत के साथ क्षेत्र से पहुंचे हजारों जरूरतमंद महिला-पुरुषों को अंगवस्त्र एवं नकद धनराशि वितरित की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने स्व. पं. सूर्य नारायण चतुर्वेदी को याद करते हुए उनके सामाजिक सरोकारों को नमन किया।
इससे पूर्व पूर्व सदर विधायक जय चौबे की देखरेख में स्व. पं. सूर्य नारायण चतुर्वेदी के दोनों पुत्रों डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी एवं राकेश चतुर्वेदी तथा बहुओं सविता चतुर्वेदी एवं शिखा चतुर्वेदी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अपने श्रद्धेय पिता की आत्मा की शांति के लिए अनुष्ठान किया।
शिक्षा जगत की हस्तियों ने अर्पित की श्रद्धांजलि
गोरखपुर विश्वविद्यालय के प्रो. ओपी पांडेय, अम्बा केपीएस पीजी कॉलेज के प्रबंधक, आरपी मॉडर्न इंटर कॉलेज महुली के प्रधानाचार्य रामचंद्र यादव, सूर्या एकेडमी के प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव तथा एपीएन पीजी कॉलेज डुमरी के प्राचार्य राकेश श्रीवास्तव सहित शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने भी स्व. चतुर्वेदी को श्रद्धांजलि दी।
बस्ती मंडल के विभिन्न स्थानों पर संचालित शैक्षणिक संस्थानों के शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा छात्र-छात्राओं ने भी ‘पूर्वांचल के मालवीय’ के रूप में याद किए जाने वाले स्व. पं. सूर्य नारायण चतुर्वेदी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
देर शाम तक चलता रहा भोज और भजनों का कार्यक्रम
जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव के निर्देशन तथा पं. सूर्य नारायण चतुर्वेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य वेद प्रकाश पांडेय एवं एसआर के सहायक प्रबंधक मनोज कुमार पांडेय की देखरेख में देर शाम तक भोज कार्यक्रम चलता रहा।
भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी प्रमोद पूर्वांचल तथा लोक गायिका अंजनी पांडेय की टीम ने भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए और पूरा पंडाल भक्तिमय वातावरण में झूमता दिखाई दिया।
राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लोगों ने किया नमन
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में अभिषेक दुबे पीयूष, भाजपा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजीव राय, भाजपा जिला महामंत्री गणेश पाण्डेय, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बद्री यादव, राम ललित चौधरी, भाजपा नेता एवं धनघटा चेयरमैन प्रतिनिधि नीलमणि, पौली ब्लॉक प्रमुख राममिलन यादव, भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ गोरक्ष प्रांत के संयोजक संजय द्विवेदी, खलीलाबाद ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि नित्यानंद, बघौली ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि योगेंद्र प्रताप सिंह उर्फ बबलू सिंह, साथा ब्लाक प्रमुख अरविंद जासवाल, भाजपा नेता कौशल चौधरी, खलीलाबाद चेयरमैन जगत जायसवाल, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष लोरिक यादव, पूर्व अध्यक्ष रामवृक्ष यादव, सपा प्रदेश सचिव नित्यानंद यादव, खलीलाबाद विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी आलोक यादव सोनू, युवजन सभा जिलाध्यक्ष राहुल यादव बादल, सपा जिला महासचिव विनोद यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य राम सुरेश चौरसिया, भाजपा नेता सचिन राय, अर्जुन चौधरी, विनोद पाण्डेय, बाल रूप कनौजिया, हनुमान कन्नौजिया समेत तमाम राजनीतिक एवं सामाजिक लोग शामिल रहे।
इसके अलावा प्रमोद पांडेय, इंजीनियर अरविंद सिंह, अंतरराष्ट्रीय पहलवान पन्नेलाल यादव, मयाराम पाठक, समाजसेवी दानिश खान, सपा नेता असद महताब, महताब आलम बब्बू, असजद हुसैन, बब्लू चौधरी, जबीउल्लाह खान, अजीम खान, पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रविंद्र यादव, भाजपा नेता राजीव गुप्ता, रत्नेश मिश्र, अजय मिश्र, अजय पांडेय, अवधेश सिंह, सर्वेश सिंह, ग्रीस चौधरी, अभयानंद सिंह, अमरनाथ उपाध्याय, निहाल चंद पांडेय, अंकित पाल, आलोक उपाध्याय, राजपाल यादव, पवन यादव, शंकर यादव और आनंद ओझा सहित हजारों लोग मौजूद रहे।
समाज के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा योगदान
इस अवसर पर पूर्व विधायक जय चौबे ने कहा कि स्व. पं. सूर्य नारायण चतुर्वेदी का व्यक्तित्व सदैव लोगों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके विचार और समाज के प्रति योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति एवं संबल प्रदान करें।
पुण्यतिथि पर पहुंचे लोगों ने चतुर्वेदी परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए स्व. पं. सूर्य नारायण चतुर्वेदी को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
NGV PRAKASH NEWS