⏩हाथ धो रहे थे नेता तभी बाइक सवार बदमाशों ने तड़तड़ाई गोलियां


मोतिहारी: वीआईपी पार्टी के रक्सौल संगठन प्रभारी कामेश्वर सहनी की गोली मारकर हत्या, इलाके में फैली दहशत
मोतिहारी, 21 नवंबर 2025
पूर्वी चंपारण के छौड़ादानो दरपा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह वीआईपी पार्टी के स्थानीय नेता और रक्सौल संगठन जिला प्रभारी कामेश्वर सहनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उनके घर के दरवाजे पर हुई, जहां वे हाथ धो रहे थे। इसी दौरान दो अपराधी बाइक से पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल सहनी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि हमला बेहद अचानक था और बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद तुरंत फरार हो गए।
परिवार में मातम, पुराने विवाद की आशंका
हत्या के बाद परिवार में कोहराम मचा है। मृतक के रिश्तेदार राजेश कुमार ने बताया कि कामेश्वर सहनी घर के बाहर खड़े थे तभी अपराधियों ने अचानक गोलियां चला दीं। उन्होंने आशंका जताई कि इस हत्या के पीछे किसी पुराने विवाद की भूमिका हो सकती है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, कामेश्वर सहनी पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे, लेकिन इसके बावजूद वे वीआईपी पार्टी में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे और संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि हमलावरों तक पहुंचा जा सके। प्रारंभिक जांच में दो से तीन अपराधियों के शामिल होने की बात सामने आई है।
वीआईपी पार्टी के जिला अध्यक्ष अशोक साहनी ने घटना की पुष्टि करते हुए इसे पार्टी के लिए बड़ा नुकसान बताया। उन्होंने कहा कि हत्या राजनीतिक रंजिश का परिणाम है या निजी विवाद का, इस पर अभी स्पष्ट रूप से कुछ कहना संभव नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकेबंदी बढ़ा दी है और अपराधियों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं। हत्या से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
NGV PRAKASH NEWS




