प्रधानाचार्य की छेड़छाड़ से परेशान 9वीं की छात्रा नें स्कूल में लगाई फांसी..

NGV PRAKASH NEWS

छत्तीसगढ़: प्राचार्य की छेड़छाड़ से परेशान छात्रा ने स्कूल में फांसी लगाकर दी जान, आरोपी गिरफ्तार

जशपुर, 25 नवंबर 2025
जशपुर जिले में नौवीं कक्षा की एक छात्रा द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। छात्रा ने यह कदम कथित रूप से स्कूल के प्राचार्य द्वारा लगातार छेड़छाड़ किए जाने से परेशान होकर उठाया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है, जबकि पुलिस ने आरोपी प्राचार्य को गिरफ्तार कर लिया है।

सूत्रों के अनुसार, यह घटना बगीचा थाना क्षेत्र के एक निजी स्कूल में रविवार शाम घटी, जहां 15 वर्षीय छात्रा ने स्कूल के स्टडी रूम में साड़ी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या की। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छात्रा का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जशपुर के पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि घटनास्थल से पुलिस को एक पत्र मिला है, जिसमें छात्रा ने प्राचार्य कुलदीप टोपनो पर छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्र में ‘बेड टच’ का जिक्र होने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

जांच टीम का कहना है कि छात्रा सीतापुर क्षेत्र की रहने वाली थी और यहां पढ़ाई कर रही थी। उसके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। वहीं, अनुविभागीय दंडाधिकारी प्रदीप राठिया ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

यह घटना स्कूल प्रबंधन की भूमिका और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े करती है। स्थानीय लोगों ने कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *