धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी का जंतर मंतर पर प्रदर्शन…….

NGV PRAKASH NEWS

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की तैयारी, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जुटे समर्थक

नई दिल्ली, 06 जून 2026.

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) द्वारा शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन की तैयारी की गई। प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एयरपोर्ट से लेकर जंतर-मंतर तक पुलिस और सीआईएसएफ के अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। जानकारी के अनुसार प्रदर्शन के लिए शाम 5 बजे तक की अनुमति दी गई है।

पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके अमेरिका से दिल्ली पहुंच चुके हैं। एयरपोर्ट से बाहर निकलते समय वे अपने समर्थकों के बीच दिखाई दिए। वहीं लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता और पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक के भी इस प्रदर्शन में शामिल होने की बात कही जा रही है। प्रदर्शन से पहले अभिजीत दिपके अपने समर्थकों के साथ पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पहुंचकर प्रशासन से आवश्यक अनुमति लेने की प्रक्रिया में शामिल हुए।

सीजेपी का आरोप है कि NEET परीक्षा पेपर लीक और CBSE मार्कशीट से जुड़े विवादों ने देशभर के छात्रों के भविष्य पर गंभीर प्रभाव डाला है। पार्टी का कहना है कि सरकार, CBSE और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की कथित लापरवाही के कारण छात्रों और अभिभावकों में असंतोष बढ़ा है।

अभिजीत दिपके ने कहा कि केवल प्रशासनिक कार्रवाई या अधिकारियों के तबादले से समस्या का समाधान नहीं होगा। उनका दावा है कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कानून बनाए जाने की आवश्यकता है। प्रदर्शनकारी इसी मांग को लेकर जंतर-मंतर पर एकत्रित हुए हैं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *