डीआईजी ने दीप प्रज्वलित कर किया यातायात माह का भव्य समापन.

Gyan Prakash Dubey

यातायात जागरूकता माह-2025 का भव्य समापन, बस्ती पुलिस लाइन में आयोजन


बस्ती | 30 नवंबर 2025

पुलिस लाइन बस्ती में शनिवार को यातायात जागरूकता माह–2025 का समापन समारोह बड़े स्तर पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बस्ती परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक संजीव त्यागी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन के साथ उन्होंने दीप प्रज्वलित कर समापन कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, क्षेत्राधिकारी सदर सत्येन्द्र भूषण तिवारी, यातायात विभाग, कोतवाली पुलिस, नए रिक्रूट आरक्षी और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि पूरे नवंबर माह में स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग, ओवरस्पीडिंग से बचने, नशे में वाहन न चलाने और मोबाइल फोन का प्रयोग न करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। सोशल मीडिया और सेमिनारों के माध्यम से भी सड़क सुरक्षा का संदेश बड़े स्तर पर प्रसारित किया गया।

पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने कहा कि अभियान का उद्देश्य चालान बढ़ाना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने उपस्थित नागरिकों और नव प्रशिक्षित आरक्षियों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों और यातायात जागरूकता में विशेष योगदान देने वाले नागरिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस प्रशासन ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया और आगे भी यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की अपील की।

यातायात माह में प्रमुख कार्यवाही
यातायात माह के दौरान बस्ती पुलिस ने व्यापक स्तर पर कार्रवाई और जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए।
– 96 स्कूलों और कॉलेजों के 27,124 छात्रों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
– 42 चौराहों पर 3,976 लोगों को जागरूक किया गया और 20,419 पंपलेट वितरित किए गए।
– 1 नवंबर से 29 नवंबर तक कुल 17,285 वाहनों से 1,97,07,000 रुपये का चालान किया गया।
– हेलमेट, गलत पार्किंग, बिना DL, बिना बीमा, रॉन्ग साइड, गलत नंबर प्लेट जैसे मामलों में बड़ी संख्या में चालान किए गए।
– 1,796 वाहनों पर रिफ्लेक्टर स्टिकर लगाए गए।
– शहर के प्रमुख चौराहों को तीन जोनों में बांटकर 1,675 ई-रिक्शा वाहनों का सत्यापन व जोन आवंटन किया गया।
– बड़ेबन चौराहे को आदर्श चौराहे के रूप में विकसित किया जा रहा है।

यातायात जागरूकता में योगदान देने वाले प्रमुख नागरिक
विवेक, प्रमोद ओझा, प्रेम तिवारी, देवेन्द्र सिंह, सुनील मिश्रा, शिवम सिंह, अंकित सिंह, राजन कुमार, हरविन्द्र पाल सिंह, प्रभुप्रीत सिंह, रामकिशोर पाण्डेय और विनय शुक्ला सहित 12 नागरिकों को विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

पुरस्कृत पुलिस कर्मी
निरीक्षक दिनेश चंद्र चौधरी, टीएसआई सुरेश राजभर, टीएसआई अजय कुमार सिंह, टीएसआई सूर्यनारायण शुक्ला, टीएसआई अवधेश तिवारी, पीआरओ कमलेश गौड़ सहित कुल 12 कर्मियों को यातायात माह के दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान दिया गया।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *