⏩ तेज रफ्तार का कहर….


अमरोहा में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार डीसीएम में घुसी, श्री वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय के चार छात्रों की मौत
अमरोहा, 04 दिसंबर 2025।
बुधवार रात अमरोहा के रजबपुर थाना क्षेत्र में हाईवे पर एक भीषण सड़क दुर्घटना में श्री वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय के चार छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और चारों छात्र उसमें बुरी तरह फंस गए। पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारी देर रात घटना स्थल पर पहुंचे और राहत कार्य में जुटे।
घटना रात करीब 10:15 बजे डीवीआर रेस्टोरेंट के सामने उस समय हुई, जब दिल्ली की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने आगे चल रही डीसीएम में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार डीसीएम के पिछले हिस्से में समा गई। हाईवे पर तेज धमाका सुनकर राहगीर और अतरासी गांव के लोग मौके पर दौड़ पड़े।
पहुंची पुलिस ने गैस कटर से निकाले शव
सूचना मिलते ही सीओ अभिषेक यादव और थानाध्यक्ष कोमल तोमर मौके पर पहुंचे। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के चलते पुलिस टीम को गैस कटर की मदद से वाहन काटकर चारों शव बाहर निकालने पड़े। प्रारंभिक जांच में मृतकों की पहचान विश्वविद्यालय के मेडिकल छात्रों के रूप में हुई।
मृत छात्रों के नाम इस प्रकार हैं—
- अर्णव चक्रवर्ती
- आयूश शर्मा
- श्रेष्ठ पंचोली
- शप्त ऋषि
पुलिस के अनुसार छात्र दिल्ली और पश्चिम बंगाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं। उनके पते और परिजनों की जानकारी जुटाई जा रही है। शवों को मोर्चरी भेज दिया गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन भी मौके पर पहुंचा
हादसे की जानकारी मिलते ही श्री वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी भी घटना स्थल पर पहुंचे और पुलिस से पूरी जानकारी ली।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार की गति अत्यधिक तेज थी, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे डीसीएम में जा घुसा। सीओ अभिषेक यादव ने बताया कि हादसा अत्यधिक तेज रफ्तार के कारण हुआ प्रतीत होता है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
NGV PRAKASH NEWS


