चार बच्चों की हत्यारी चाची इसलिए कर रही थी बच्चों की हत्या…

NGV PRAKASH NEWS

चार मासूमों की सीरियल किलर निकली चाची, पानीपत का नौल्था गांव दहशत में

पानीपत, 04 दिसंबर 2025।
हरियाणा के पानीपत जिले के नौल्था गांव में मासूम बच्ची विधि की मौत का मामला जैसे ही खुला, पूरा क्षेत्र दहल उठा। शुरू में यह एक हादसा माना जा रहा था, लेकिन जांच ने ऐसा भयावह सच सामने ला दिया, जिसने पुलिस से लेकर गांव के लोगों तक सभी को स्तब्ध कर दिया। पता चला कि छह साल की बच्ची की मौत किसी दुर्घटना का परिणाम नहीं, बल्कि योजनाबद्ध हत्या थी—और इस हत्या के पीछे खुद बच्ची की चाची पूनम थी।

पूछताछ में रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा
पुलिस पूछताछ में पूनम ने स्वीकार किया कि उसने न सिर्फ विधि को पानी में डुबोकर मारा, बल्कि इससे पहले भी तीन और मासूम बच्चों की हत्या कर चुकी है। और इन हत्याओं की वजह—उसकी सुंदर बच्चों से नफरत। पूनम ने बताया कि जब कोई बच्चा उसे उससे अधिक खूबसूरत लगता, तो उसके भीतर घृणा जाग उठती थी। इसी नफरत में उसने रिश्तेदारों की दो बच्चियों और अपने बेटे तक को नहीं छोड़ा।

कैसे पकड़ में आई पूनम?
घटना वाले दिन घर में शादी समारोह था। पूनम कुछ देर तक नजर नहीं आई, जिससे महिलाओं को शक हुआ। जब स्टोर रूम बाहर से बंद मिला और दरवाजा खोला गया, तो अंदर पानी से भरे टब में विधि बेहोश पाई गई। अस्पताल ले जाने पर बच्ची को मृत घोषित कर दिया गया।

यहां पूनम की एक गलती भारी पड़ गई—उसके कपड़े भीगे हुए थे। इसी आधार पर परिवार के रिटायर्ड एसआई पाल सिंह को शक हुआ। पुलिस ने पूनम को हिरासत में लिया, और पूछताछ में उसकी पूरी करतूत सामने आ गई।


कब-कब हुईं हत्याएं

▪ जनवरी 2023 – पानी के टैंक में दो मौतें
पूनम की ननद पिंकी मायके आई थी। उसी दौरान 12 जनवरी को पूनम के बेटे शुभम और भांजी इशिका के शव पानी के टैंक में मिले। तब मामले को हादसा मान लिया गया था।

▪ 19 अगस्त – जिया की हत्या
पूनम सिवाह मायके में रह रही थी। आरोप है कि उसने अपने साथ सो रही जिया को घर के पीछे बने होद में डुबोकर मार दिया।

▪ 1 दिसंबर 2025 – विधि की हत्या
विवाह के मौके पर पूनम ने जेठ की बेटी विधि को मारने का मन बनाया। एकादशी का दिन उसने पहले भी हत्या के लिए चुना था, इसलिए इस बार भी वही दिन तय किया।


परिवार की चुप्पी और दबाया गया सच

जिया की मौत पर भी पूनम पर शक हुआ था, लेकिन परिवार ने मामले को दबा दिया। अब विधि की हत्या के बाद जब परतें खुलीं, तो न सिर्फ सुरेंद्र, बल्कि जिया के पिता दीपक ने भी हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई।


पूनम के व्यवहार पर पहले से था शक

गांव और परिवार वालों के मुताबिक पूनम लंबे समय से अजीब हरकतें करती थी। घर में सिंदूर बिखरा मिलना, कपड़ों का जलना, अचानक चिल्लाना और मृत युवक की आत्मा आने की बात कहना उसके व्यवहार को संदिग्ध बनाता था। कई बार वह खुद ही कहती—“मैंने मारे हैं बच्चे।”

एमए-बीएड शिक्षित पूनम का पति नवीन किसान है और गोहाना में वाशिंग स्टेशन चलाता है। उसका एक डेढ़ साल का बेटा भी है।


गांव में दहशत, लोग सदमे में

लगातार चार मासूमों की मौत की परतें खुलते ही नौल्था गांव में दहशत फैल गई है। लोग हैरान हैं कि उनके आसपास रहने वाली एक महिला इतने समय तक इतने बड़े अपराध करती रही और किसी को भनक तक न लगी।

पुलिस अब पूनम के मानसिक स्वास्थ्य और उसके बयान की प्रमाणिकता की गहराई से जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है और मामले की छानबीन जारी है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *