Gyan Prakash Dubey


बस्ती में निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण पर आपात बैठक
बस्ती, 04 दिसंबर 2025 — भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के तहत अवशेष गणना प्रपत्रों के संग्रहण, डिजिटाइजेशन, नो-मैपिंग तथा ASD electors से संबंधित कार्यों की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई।
बैठक की शुरुआत करते हुए जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अवशेष गणना-प्रपत्रों का संग्रहण और डिजिटाइजेशन आगामी दो दिवस के भीतर पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिन बूथ-लेवल अधिकारियों (BLO) ने किन्हीं मतदाताओं को वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज होने के कारण त्रुटिवश थर्ड कैटेगरी (नो मैपिंग) में डाल दिया है, उन मामलों की तुरंत रीवेरिफिकेशन कर पहली तथा दूसरी कैटेगरी में स्थानांतरित किया जाए। ASD electors की सूची का पुनरावलोकन कर यह सुनिश्चित किया जाए कि वर्तमान मतदाता सूची में दर्ज कोई व्यक्ति गलती से ASD कैटेगरी में न रह गया हो तथा किसी मृतक मतदाता का नाम सूची में शेष न रह जाए।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 310-बस्ती सदर तथा 311-महादेवा (अ०जा०) के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और उनके सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को कड़ा निर्देश दिया कि वे अगले दो दिनों में 100 प्रतिशत गणना प्रपत्रों के संग्रहण का कार्य पूरा कर लें। साथ ही ईसीआई नेट पर प्रदर्शित नो-मैपिंग तथा ASD electors की सूचियों को घटते क्रम में जांचते हुए रिवेरिफाई करा लें और यदि किसी मतदाता को गलत कैटेगरी में रखा गया है तो रोल-बैक कर के BLO एप के माध्यम से सुधार कर दिया जाए। जिन बूथ-स्तर के अधिकारियों, विशेषकर महिला या दिव्यांग अधिकारीगण को किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता हो, उनके लिए सहायक के तौर पर अतिरिक्त तैनाती सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए गए।
बैठक में यह भी कहा गया कि जिन बथों पर 100 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, वहां BLO द्वारा Booth Level Authority (BLA) से बैठक कर ASD electors की सूची प्राप्त कर ली जाए और death category की जांच करके मृतकों के नामों को हटाया जाए। निर्वाचन जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण कार्य की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित सभी अधिकारियों से किसी भी प्रकार की लापरवाही न करने का विशेष रूप से अनुरोध किया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम, समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, परियोजना निदेशक राजेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी तथा समस्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे और आवश्यक निर्देशों के अनुसार अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने पर सहमत हुए।
NGV PRAKASH NEWS


