डीजल चोरी करने वाले अंतर्जनपदीय गैंग का पर्दाफाश..

Gyan Prakash Dubey

डीजल चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गैंग के चार सदस्य गिरफ्तार, गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई

बस्ती, 04 दिसंबर 2025 — थाना छावनी पुलिस ने अंतरजनपदीय स्तर पर वाहनों से डीजल चोरी करने वाले सक्रिय गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए सभी अभियुक्तों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा पंजीकृत मुकदमा संख्या 287/2025 धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम 1986 में ये सभी अभियुक्त वांछित थे। सफल गिरफ्तारी करने वाली टीम के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान क्रमशः मिन्टू उर्फ दिवेन्द्र शेखर निवासी भटपुरवा, राकेश कुमार गुप्ता निवासी नगराबदली, अतुल पटेल निवासी सारंगपुर बलिनाव और अतुल वर्मा निवासी आनापुर सरैया के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि यह गिरोह संगठित तरीके से वाहनों से डीजल चोरी कर उसे विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई करता था।

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों सहित गैंग का संचालन अंकुर पाण्डेय के नेतृत्व में होता था, जिसमें प्रिंस वर्मा, भीम पाण्डेय और अन्य सदस्य सक्रिय रूप से शामिल थे। यह गिरोह बस्ती के साथ अम्बेडकर नगर और अयोध्या समेत कई जिलों में डीजल चोरी की वारदातों को अंजाम देता रहा है। गिरोह के सदस्यों से पहले भी बड़ी मात्रा में डीजल बरामद हुआ था। 22 जनवरी 2025 को पुलिस ने इनके कब्जे से 1350 लीटर डीजल से भरे सात ड्रम, 30 लीटर के नौ गैलन, कई उपकरण तथा स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की थी।

विवेचना के दौरान गैंग के सदस्यों के खिलाफ कई मामलों में आरोप पत्र न्यायालय भेजा जा चुका है। गिरोह के सदस्यों पर भारतीय न्याय संहिता 2023 के अध्याय 17 में वर्णित अपराधों में संलिप्त रहने के प्रमाण भी मिले हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में मिन्टू उर्फ दिवेन्द्र शेखर तथा अन्य तीनों के खिलाफ पहले भी विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

थाना छावनी पुलिस, सर्विलांस सेल और स्थानीय चौकी की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर अलग-अलग स्थानों से चारों अभियुक्तों को दबोच लिया। टीम में थानाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद, प्रभारी सर्विलांस सेल शेषनाथ यादव सहित कई उपनिरीक्षक व कांस्टेबल शामिल रहे।

पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही शेष अभियुक्त भी गिरफ्त में होंगे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *